महिला बाल विकास मंत्रालय को मिला ‘बेस्ट परफॉर्मिंग सोशल सेक्टर मिनिस्ट्री’ का अवार्ड

Friday, Jun 22, 2018 - 07:54 PM (IST)

नई दिल्ली : पिछले चार साल के दौरान महत्वपूर्ण उपलब्धियों और पहलों के जमीनी प्रभाव को देखते हुए स्कोच (एसकेओसीएच) ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय को ‘बेस्ट परफॉर्मिंग सोशल सेक्टर मिनिस्ट्री’(सामाजिक क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाले मंत्रालय) के अवार्ड से नवाजा है। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने शुक्रवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में मंत्रालय की तरफ से यह अवार्ड प्राप्त किया।

मंत्रालय की उपलब्धियों और पहलों की चर्चा करते हुए गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं काफी कम समय में सफल हुई हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और स्थानीय स्तरों पर कोशिशें की गई जिससे लोगों में व्यवहारिक बदलाव दिखा और जन्म में स्त्री-पुरूष अनुपात में सुधार हुआ।

उन्होंने अपने मंत्रालय की छह माह की मातृत्व अवकाश, कार्य-स्थल पर यौन शोषण कानून, शी-बॉक्स, वन स्टॉप सेंटर्स, सर्वव्यापी महिला हेल्पलाइन (181), पुलिस भर्ती में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण जैसी उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने यह भी कहा कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के आग्रह पर गृह मंत्रालय ने हाल ही में महिला संबंधी मुद्दों पर एक विशेष विभाग का गठन किया है।

यौन शोषण के मामले में दोषियों की धर-पकड़ में फोरेंसिक विश्लेषण की भूमिका को अहम बताते हुए गांधी ने कहा कि इस महीने की शुरुआत में चंडीगढ़ में सखी सुरक्षा उन्नत डीएनए फोरेंसिक प्रयोगशाला की आधारशिला रखी गई है और गुवाहाटी, कोलकाता, हैदराबाद, पुणे और भोपाल में भी पांच और उन्नत फोरेंसिक प्रयोगशालाएं बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि सभी थानों और अस्पतालों को बलात्कार मामलों के लिए विशेष फोरेंसिक किट उपलब्ध कराए जाएंगे। इनके लिए निर्भया फंड से राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास सचिव राकेश श्रीवास्तव ने मंत्रालय को पुरस्कार देने के लिए स्कोच ग्रुप का धन्यवाद किया और मंत्रालय की विभिन्न पहलों के बारे में बताया।

Punjab Kesari

Advertising