पिता ने बच्ची का गला दबाया पानी में डुबोकर मार डाला

Tuesday, Sep 10, 2019 - 03:59 AM (IST)

द्वारका: मैंने लाली को मार दिया है। यह शब्द थे एक पिता के, जिसने अपनी 21 दिन की बच्ची की हत्या के बाद अपनी पत्नी को बताया कि उसने बेटी का गला घोंटने के बाद उसे पानी के टब में डुबाकर मार दिया है। यह सुनते ही मां ही नहीं घर के सभी लोग स्तब्ध रह गए। घर के अन्य लोग तत्काल बेसुध पड़ी बच्ची को अस्पताल ले गए, पर वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

इधर जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची की मां किरण (23) की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पिता मुकेश उर्फ गोलू (26) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मुकेश परिवार के साथ उत्तम नगर, विकास पार्क स्थित एफ 232 नंबर के मकान में रहता है। वह एक निजी कंपनी में काम करता है। उसकी 26 अप्रैल 2018 को किरण के साथ शादी हुई थी। गत 16 अगस्त को ही किरण ने एक निजी अस्पताल में सर्जरी से एक बेटी को जन्म दिया था, जिसे घर के लोगों ने लाली नाम दिया था। बेटी के जन्म के बाद से ही मुकेश उखड़ा-उखड़ा सा रहता था, शायद व बेटी के जन्म से पत्नी से नाराज था। 

अस्पताल से घर लौटने के बाद से ही किरण मायके जाना चाह रही थी, पर मुकेश इसके लिए राजी नहीं था। इसे लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़े भी हुए थे। शुक्रवार शाम भी इसी को लेकर दोनों में विवाद हो गया। थोड़ी देर बाद मुकेश बेटी को लेकर घर की छत पर चला गया था। पर काफी देर बाद भी नीचे नहीं आने पर किरण जब छत पर जाने के लिए सीढिय़ों पर पहुंची तो पाया कि दरवाजा अंदर से बंद है। उसने काफी आवाज लगाई पर दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद किरण ने अपने जेठ की बेटी बबिता को बुला लिया। उसने भी आवाज लगाई पर करीब 30 मिनट के बाद मुकेश ने दरवाजा खोला। 

जब किरण ने कारण पूछा तो उसने कहा कि उसने लाली को गला घोंटने के बाद पानी में डुबोकर मार दिया है। सुनते ही किरण जब छत पर गई तो पाया कि छत पर पड़े गद्दे पर लाली बेसुध पड़ी है। दोनों ने आवाज लगाकर घर के लोगों को बताया। तत्काल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया। 

Pardeep

Advertising