जायदाद में हिस्सा न मांग ले...इसलिए दूसरी पत्नी से हुए 7 वर्षीय बेटे को पिता ने मार डाला, CCTV फुटेज से खुला राज
punjabkesari.in Monday, Nov 09, 2026 - 01:08 PM (IST)
लातूर: महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक 58 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने 7 साल के बेटे का गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपी को डर था कि उसकी दूसरी शादी से पैदा हुआ यह बेटा उसकी संपत्ति में अपना हिस्सा मांग सकता है। एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को सुले गली में आरोपी के घर के पीछे खेतों में बने एक नाले से अरमान यूसुफ सैयद का शव मिला, जो काफी हद तक सड़ चुका था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी यूसुफ मुबारक सैयद (58) की दो पत्नियां हैं। उसने अपना घर अपनी पहली पत्नी से हुए बेटे के नाम कर दिया था। अपनी दूसरी पत्नी के साथ उसका अक्सर इस बात को लेकर झगड़ा होता था कि वह अपने बेटे के लिए पारिवारिक घर में हिस्सा मांग रही थी। अधिकारी ने बताया कि 5 नवंबर की रात आरोपी अरमान को लेकर घर से निकला, लेकिन पूरी रात वापस नहीं लौटा। अरमान के बारे में पता न चलने पर चिंतित उसकी दूसरी पत्नी ने पुलिस से संपर्क किया और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद गांधी चौक पुलिस स्टेशन में अपहरण का मामला दर्ज किया गया।
पिता ने कबूला अपना जुर्म
अधिकारी ने बताया कि शनिवार को परभणी में यूसुफ का पता चला, लेकिन उसके साथ अरमान नहीं था, जिससे बच्चे की स्थिति को लेकर संदेह पैदा हुआ। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने आरोपी के घर के आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में 5 नवंबर की रात यूसुफ, अरमान का हाथ पकड़कर घर के पीछे खेतों की तरफ ले जाते हुए दिखा। एक घंटे बाद आरोपी को अकेले वापस लौटते हुए भी देखा गया। लातूर शहर के सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (SDPO) समीरसिंह साल्वे ने बताया कि CCTV सबूत सामने आने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद रविवार दोपहर को बच्चे का शव बरामद किया गया।
