इस पिता ने अपने 5 बच्चों के रखें अनूठे नाम, कहा- भविष्य में आएंगे काम!

Monday, May 02, 2016 - 06:25 PM (IST)

भिंड: मध्य प्रदेश के भिंड जिले के लहार कस्बे में रहने वाले समाजसेवी मुन्नालाल ने अपने 5 बच्चों के ऐसे नाम रखें है कि सुनने वाले भी चौंक जाते है। इन पांचों सगे भाईयों के नाम है- क्रांति, आंदोलन, संघर्ष, भूख हड़ताल, नेता। इनके नाम जितने रोचक है, उससे ज्यादा रोमांचक इस नामकरण के पीछे की कहानी है। 

मुन्नालाल खुद इसकी कहानी बताते हैं कि मैंने अपने बच्चों के नाम बहुत सोच-समझकर रखे हैं। हम बच्चों में भविष्य देखते हैं। मैंने भी भविष्य देखा। आने वाले समय में भ्रष्टाचार इतना बढ़ जाएगा कि लोगों को क्रांति, आंदोलन, संघर्ष, भूख हड़ताल की जरूरतें पड़ेंगी। और हां, नेता की भी। इसीलिए पहले ही बेटों के ऐसे नाम रख दिए। 

55 साल के मुन्नालाल लोहे की वेल्डिंग का काम करते हैं और साथ ही समाजसेवा भी करते हैं। वे बताते हैं- 2 अक्टूबर 1982 को पहले बेटे का जन्म हुआ तो उसका नामक्रांति रख दिया। 2 साल बाद दूसरा बेटा हुआ तो उसे आंदोलन नाम दे दिया। जैसे-जैसे समय बीतता जा रहा है, मुन्नालाल का संघर्ष भी बढ़ता जा रहा है। इसी दौरान 1987 में तीसरे बेटे का जन्म हुआ, तो उसे संघर्ष नाम दे दिया। इसी तरह 1989 को जन्म लेने वाले चौथे बेटे का नाम भूख हड़ताल और पांचवें बेटे का नाम नेता रखा। 

जिस प्रकार देश के महान लोगों ने आंदोलन, संघर्ष, क्रांति और भूख हड़ताल का सहारा लेकर देश से अंग्रेजों को भगाया था, आने वाले समय में हमें एक बार फिर इन रास्तों की जरूरत पड़ेगी। मैंने अपने बच्चों को ये नाम इसीलिए दिए हैं, ताकि वे जरूरत पडऩे पर अपने नाम के अनुसार काम कर सकें। ये पूछने पर कि क्या बच्चे अपने इस प्रकार के नाम का अब विरोध नहीं करते? तो मुन्नालाल ने कहा कि विरोध क्यों करेंगे? ये गर्व के नाम है, शर्म के नहीं। 

Advertising