दामाद का 'शाही' स्वागत: ससुर ने बनवाई 1.5 किलो चांदी की 'कोल्हापुरी चप्पल', हर तरफ हो रही चर्चा
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 02:35 PM (IST)
नेशनल डेस्क: भारतीय समाज में दामाद को 'राजा' की तरह मान-सम्मान मिलता है। शादियों में उनका स्वागत शाही अंदाज किया जाता है। वैसे तो दामाद के स्वागत-सत्कार और अनोखे उपहारों के कई किस्से मशहूर हैं, लेकिन महाराष्ट्र के कोल्हापुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। बढ़ती महंगाई के इस दौर में जहां सोना-चांदी आम लोगों की पहुंच से दूर हो रहा है, वहीं यहां एक ससुर ने अपने दामाद के लिए डेढ़ किलो (1.5 kg) शुद्ध चांदी की पारंपरिक 'कोल्हापुरी चप्पल' बनवाकर सबको हैरान कर दिया है।
8 दिनों में तैयार हुई 'सिल्वर चप्पल'
दरअसल, सांगली जिले के एक संपन्न परिवार से ताल्लुक रखने वाले ससुर ने दामाद ने स्वागत को खास बनाने और अपने इस अनोखे शौक को पूरा करने के लिए कोल्हापुर के मशहूर कारीगरों से 'सिल्वर चप्पल' तैयार करवाई। इस चप्पल को हुबहू पारंपरिक लुक देने के लिए एक स्थानीय हुनरमंद कारीगर ने लगातार आठ दिनों तक कड़ी मेहनत की, तब जाकर यह कलाकृति तैयार हुई।
4 लाख रुपए है इस चप्पल की कीमत
बताया जा रहा है कि इस चांदी की चप्पल की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपए है। इसे बनाने के लिए कारीगर को ₹22,000 की भारी-भरकम राशि सिर्फ मजदूरी (मेकिंग चार्ज) के रूप में दी। वहीं अब यह चप्पल लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस अनोखे तोहफे की चर्चा हर तरफ हो रही है।
