5 साल के बेटे को पिता ने जड़ दिया मुक्का, बच्चे ने तोड़ा दम
punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 11:37 PM (IST)
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में थाना फेस-3 क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी गांव में एक पिता ने अपने पांच वर्षीय बेटे की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। थाना फेस-3 के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि गढ़ी चौखंडी गांव निवासी विकास अपनी पत्नी और पांच वर्षीय बेटे आकाश के साथ रहता था।
आरोप है कि रविवार को विकास ने किसी बात को लेकर बेटे की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि बच्चे को उपचार के लिए एसआरएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि बच्चे की मां ने अपने पति विकास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने बच्चे की पिटाई कर दी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
