पत्थरबाजों के हिमायती फारूक अब दिखा रहे हैं गुस्सा

Friday, Apr 14, 2017 - 12:05 AM (IST)

जम्मू: कश्मीर में पत्थरबाजों के हिमायती डा फारूक अब्दुल्ला अब अचानक से गुस्सा दिखाने लगे हैं। उन्होंने कहा है कि सभी पत्थरबाज एक समान नहीं है और साथ ही यह भी कहा कि क्या देश उनकी और उनके भविष्य की चिंता कर रहा है।


अब्दुल्ला ने आज उस समय अपना आपा खो दिया जब पत्रकारों ने उन पर प्रशनों की बौछार कर दी और उनसे जानना चाहा कि आखिरकार क्यों वो पत्थरबाजों का समर्थन कर रहे हैं। उनसे पूछा गया कि क्या वो पत्थरबाजों का समर्थन करके देश की भावनाओं के साथ खिलावाड़ नहीं कर रहे हैं। गुस्साए फारूक ने कहा, आपका देश की भावनाओं से क्या मतलब है। आपको देखना होगा कि उनकी भी समस्याएं हैं। क्या आपको दिखाई नहीं दे रहा है कि उन लडक़ों की भी समस्याएं हैं। आपको सिर्फ देश की पड़ी है। क्या देश पत्थरबाजों के बारे में सोच रहा है। उनके भविष्य की चिंता कर रहा है।


देश की खातिर पथराव पर फारूक ने कहा कि सभी पत्थरबाज एक जैसे नहीं हैं। जिन्होंने सीआरपीएफ पर पथराव किया वो गलत है। हमे सभी परिस्थितियों को एक समान नहीं रखना चाहिए। बहुत सारे पत्थरबाज ऐसे हैं जिन्हें सरकार पैसे देती है। वो पथराव करते हैं ताकि लोग मतदान के लिए न आएं। आप जांच कर लो इस मामले की।


सीआरपीएफ जवानों के साथ दुव्र्यवहार की निंदा
कश्मीरी युवाओं द्वारा सीआरपीएफ जवानों के साथ की गई बदतमीजी की डा फारूक अब्दुल्ला ने कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, यह दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसा नहीं होना चाहिए। मैं उन जवानों के हौसले की दाद देता हूं जिन्होंने प्रतिक्रिया नहीं दी। वे खामोश रहे और यह अच्छी बात है। उन्होंने स्थिति को गंभीर होने से बचा लिया।

 

Advertising