महाराष्ट्र में किसानों ने नीरव मोदी की जमीन पर चलाया हल

Saturday, Mar 17, 2018 - 07:41 PM (IST)

नेशनल डेस्कः पीएनबी घोटाले के आरोपी नीरव मोदी के खिलाफ भारत सरकार, जांच एजेंसियां ईडी, सीबीआई के बाद अब किसानों ने भी अपना मोर्चा खोल दिया है। नीरव की जमीन पर किसानों ने अजीबोगरीब प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के खंडाला गांव में किसानों ने नीरव मोदी की जमीन पर अपना दावा किया है।

नीरव मोदी ने किसानों की जमीन को सस्ते दामों में खरीदा था
महाराष्ट्र के किसानों ने अहमदनगर जिले के खंडाला गांव में पीएनबी आरोपी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया है कि उसने किसानों पर दबाव डालकर किसानों की जमीन को औने पौने दामों में खरीद लिया था। इसी के चलते किसान अब नीरव मोदी की जमीन पर ट्रैक्टर लेकर पहुंच गए और जमीन को जोतने की कोशिश की। वहीं किसानों ने जमीन जोतकर जमीन पर अपना दावा पेश किया है।

किसानों को बैंकों से मिलता है सिर्फ 10 हजार रुपये लोन
किसानों ने बैंकिंग प्रणाली पर हमला करते हुए कहा कि बैंकों द्वारा नीरव मोदी जैसे बेईमान लोगों को लोन दिया जाता है। वहीं हम लोगों को सिर्फ 10 हजार रुपये तक का लोन दिया जाता है। यही वजह है कि उन लोगों ने यह विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। किसानों ने नीरव मोदी पर आरोप लगाया कि उसने यह जमीन एक तरह से हड़प ली थी। इसलिए अब हम जोताई कर अपना हक वापस मांग रहे हैं।

बता दें कि पीएनबी घोटाले के आरोपी नीरव मोदी के देश से भाग जाने के बाद जांच एजेंसी ईडी ने आरोपी की करीब 5 हजार करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त कर ली है। वहीं संपत्ति की नीलामी प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है। जांच एजेंसियां लगातार उनपर कार्रवाई कर रही हैं। वहीं केंद्र सरकार की ओर से नीरव मोदी को भारत वापस लाने की कोशिश लगातार जारी है। वहीं नीरव मोदी के विदेशी खातों की जानकारी ईडी को मिलना शुरू हो गई है। 

Punjab Kesari

Advertising