किसानों के कर्ज माफी की जिम्मेदारी कुमारस्वामी की: येदियुरप्पा

Tuesday, Jun 19, 2018 - 12:02 AM (IST)

बेंगलुरु: कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता बी एस येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी पर आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि वह किसानों के कर्ज माफ करने के मुद्दे पर केंद्र से मदद मांगकर अपनी जिम्मेदारी से बचना चाह रहे हैं। 

येदियुरप्पा ने कुमारस्वामी के बारे में रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्य के किसानों के कर्ज माफी के लिए 50 प्रतिशत धन राशि योगदान देने की अपील की है। येदियुरप्पा ने कहा कि यह अपील सिर्फ अपनी जिम्मेदारी से बचना है। येदियुरप्पा ने कहा कि कुमारस्वामी ने अपने चुनावी वादे में सत्ता में आने पर 24 घंटे में किसानों के कर्ज माफ करने की बात कही थी। इसे पूरा करने जिम्मेदारी उनकी है। 

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों ने बिना केन्द्र सरकार की मदद के किसानों के कर्ज माफ किए हैं। लेकिन कुमारस्वामी बड़ा फैसला लेने में हिचकिचा रहे हैं और कर्ज माफ करने के मुद्दे पर केन्द्र सरकार पर आरोप मढऩे का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी बजट सत्र का इंतजार कर रही है और यदि राज्य सरकार सकारात्मक पहल नहीं करती है तो किसानों के कर्ज माफ करने की मांगों के समर्थन में राज्यभर में आंदोलन चलाया जाएगा।

उन्होंने सिद्धारमैया पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने राज्य के किसानों के 50 हजार रुपए तक के कर्ज माफ करने की घोषणा की थी। लेकिन सच्चाई है कि किसानों के कर्ज माफ नहीं किए गए और अब किसानों को नये कर्ज नहीं मिल रहे है। कुमारस्वामी सरकार ने इस दिशा में भी अभी तक कोई कदम नहीं उठाया है जिससे किसानों की समस्या और बढ़ गई है।  
 

Punjab Kesari

Advertising