मशहूर एक्टर पंकज त्रिपाठी की मां का निधन, 89 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

punjabkesari.in Sunday, Nov 02, 2025 - 06:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क: जाने-माने अभिनेता पंकज त्रिपाठी की मां श्रीमती हेमवंती देवी का निधन हो गया है। अभिनेता की ओर से जारी आधिकारिक बयान में इस दुखद समाचार की पुष्टि की गई। बयान में कहा गया- “हमें यह बताते हुए गहरा दुख हो रहा है कि श्री पंकज त्रिपाठी की प्रिय माता, श्रीमती हेमवंती देवी, का शुक्रवार को बिहार के गोपालगंज जिले के बेलसंड स्थित उनके पैतृक निवास पर शांतिपूर्वक निधन हो गया। वे 89 वर्ष की थीं और कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों के बीच, अपने बिस्तर पर ही अंतिम सांस ली।”

जानकारी के अनुसार, पंकज त्रिपाठी अपनी मां के अंतिम क्षणों में उनके पास मौजूद थे। अंतिम संस्कार शनिवार को बेलसंड में परिवार, रिश्तेदारों और करीबी मित्रों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

त्रिपाठी परिवार गहरे शोक में है और सभी से निवेदन किया है कि श्रीमती हेमवंती देवी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें। साथ ही परिवार ने मीडिया और शुभचिंतकों से अपील की है कि इस कठिन समय में उनकी निजता का सम्मान करें और उन्हें शांति से शोक मनाने का अवसर दें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar