ब्रिटेन:  कार दुर्घटना में जान गंवाने वाली 3 वर्षीय सिख बच्ची के परिवार ने  जुटाए  2,700 पाउंड

Tuesday, Jul 21, 2020 - 05:40 PM (IST)

लंदन:  ब्रिटेन में कार दुर्घटना में जान गंवाने वाली तीन वर्षीय सिख बच्ची के परिवार ने बर्मिंघम में बच्चों के उस अस्पताल के लिए 2,700 से अधिक पाउंड जुटाए हैं, जिसने उसकी जान बचाने के प्रयास किए थे। बीते शुक्रवार को वारविकशर के लीमिंग्टन स्पा कस्बे में एक कार के टक्कर मारने के बाद ब्रिया कौर गिल के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। आपातकालीन सेवाओं ने उसे बर्मिंघम शहर के बच्चों के अस्पताल पहुंचाया, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई।

 

वारविकशर पुलिस ने इस मामले में 32 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया था, जिसे बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने कहा कि इस मामले की जांच जारी है। गिल के परिवार ने पुलिस के जरिये जारी एक बयान में कहा, ''हम आपकी ओर से मिले प्यार की प्रशंसा करते हैं, लेकिन फिलहाल हमारी निजता का सम्मान करें और हमें शोक का समय दें। हमारी दुनिया बेरंग हो गई है। हमारा जीवन अब पहले जैसा नहीं रहेगा।''

 

उन्होंने बच्ची की याद में 'जस्ट गिविंग' नाम से फंड जुटाने का ऑनलाइन अभियान भी शुरू किया है जिस पर कहा गया है: ''बर्मिंघम सिटी चिल्ड्रन हॉस्पिटल के कर्मियों का शुक्रिया। उन्होंने जो देखभाल की और शानदार सहयोग दिया, उसका कर्ज चुकाया नहीं जा सकता। हम उनका अहसान नहीं उतार सकते।” 

Tanuja

Advertising