विमान हाइजैक चेतावनी: गर्लफ्रेंड को रोकने के लिए फैलाई थी झूठी अफवाह

Thursday, Apr 20, 2017 - 07:55 PM (IST)

नई दिल्ली: विमान को हाइजैक करने की संभावित कोशिश के बारे में मुंबई पुलिस को फर्जी ईमेल भेजने के आरोप में हैदराबाद टास्क फोर्स ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक, 32 वर्षीय आरोपी वम्शी कृष्णा ने यह झूठा मेल इसलिए भेजा था, ताकि उसकी गर्लफ्रेंड अपनी मुंबई यात्रा रद्द कर दे। पुलिस उपायुक्त बी लिम्बा रेड्डी ने कहा कि कृष्णा को विमान को हाइजैक करने के खतरे के बारे में मुंबई पुलिस आयुक्त को फर्जी मेल भेजने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।

गर्लफ्रेंड के नाम पर भेजी थी ईमेल 
पुलिस ने कहा कि कृष्णा ने अपने महिला मित्र के नाम पर 15 अप्रैल को मुंबई पुलिस को भेजे गए ई-मेल में कहा था कि उन्होंने 6 अंजान लोगों को हैदराबाद, मुंबई और चेन्नई एयरपोर्ट से तीन विमानों को हाईजैक करने की बातचीत करते सुना। मुंबई पुलिस ने इस ई-मेल को मुंबई एयरपोर्ट सिक्युरिटी ग्रुप को भेजा, जिसके बाद वह हाईअलर्ट पर चला गया। टास्फ फोर्स यूनिट के पुलिस उपायुक्त लिंबा रेड्डी ने बताया कि ई-मेल मधुर नगर के एक साइबर कैफे से भेजी गई थी।

जांच के दौरान आरोपी ने बताया कि वह चेन्नई में रहने वाली अपनी महिला मित्र से चैट करता था। कुछ दिनों पहले उसकी महिला मित्र ने मुंबई और गोवा जाने का प्रस्ताव रखा था, चूंकि कृष्णा की माली हालत खराब थी, इसलिए उसने इनकार कर दिया लेकिन उसकी महिला मित्र अपनी बात पर अड़ी रही। पुलिस ने कहा कि दौरे को रद्द करवाने को लेकर अपनी महिला मित्र को राजी करने के लिए उसने एक योजना बनाई, जिसके तहत उसने ई-मेल भेजा ताकि हवाईअड्डों के हाई अलर्ट पर होने से उड़ानें रद्द हो जाएं और उसकी महिला मित्र दौरा रद्द करने को मान जाए। 

Advertising