डाकिया पासपोर्ट लाया! एक ही एड्रेस लेकिन पते पर रहता कोई नहीं, न नाम न कोई व्यक्ति...

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 01:57 PM (IST)

Ghaziabad Fake Passport Scam: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में फर्जी पासपोर्ट बनाने वाले एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ है जिसने देश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने एक ऐसे नेटवर्क को पकड़ा है जो बंद घरों के पतों का इस्तेमाल कर धड़ल्ले से पासपोर्ट जारी करवा रहा था। इस मामले में पुलिस ने एक पोस्टमेन (डाकिया) सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

कैसे खुला फर्जीवाड़े का खेल?

इस बड़े घोटाले का खुलासा तब हुआ जब पासपोर्ट सिस्टम में एक छोटी-सी गड़बड़ी पकड़ी गई। दर्जनों पासपोर्ट आवेदनों में एक ही मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया जा रहा था। गाजियाबाद के लोनी इलाके में कुछ घरों के पते पर 22 से ज्यादा पासपोर्ट जारी हो चुके थे। जब पुलिस पते की जांच करने पहुंची तो पता चला कि उन घरों में कोई रहता ही नहीं था। वहां न तो उन नामों का कोई व्यक्ति कभी दिखा और न ही कभी कोई वहां रहने आया।

गिरोह का मोडस ऑपरेंडी 

यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम कर रहा था। गिरोह ऐसे मकानों को चुनता था जो लंबे समय से बंद थे या खाली पड़े थे। इस खेल में डाकिया मुख्य कड़ी था। पासपोर्ट जब डाक से वेरिफिकेशन के लिए आता तो डाकिया उसे घर तक ले जाने के बजाय सीधे गिरोह के सदस्यों को थमा देता था। पुलिस के वेरिफिकेशन चरण में भी साठगांठ की आशंका जताई जा रही है जिसकी जांच चल रही है।

पुलिसिया कार्रवाई और बड़ा खतरा

गाजियाबाद पुलिस ने अब तक इस मामले में 26 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस का मानना है कि यह केवल पैसों के लिए किया गया फ्रॉड नहीं है बल्कि इसके पीछे कोई बड़ी साजिश या आतंकी कनेक्शन भी हो सकता है। मुख्य आरोपी और डाकिए समेत 5 लोग सलाखों के पीछे हैं। खुफिया एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि इन फर्जी पासपोर्ट्स का इस्तेमाल किन लोगों ने किया और क्या वे देश छोड़कर भाग चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News