पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार का फेसबुक पेज ब्लॉक, कंपनी बोली- कर रहे हैं जांच

Friday, Oct 16, 2020 - 02:41 PM (IST)

नेशनल डेस्क: फेसबुक ने शुक्रवार को कहा कि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के पेज ब्लॉक होने की जांच की जा रही है। मीरा कुमार का फेसबुक पर आधिकारिक पेज एक दिन पहले ब्लॉक हो गया था। हालांकि बाद में पेज अनब्लॉक भी हो गया था। फेसबुक की यह सफाई इसी बारे में आई है। कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा कि हमने मीरा कुमार के फेसबुक पेज को बहाल कर दिया है, जो ब्लॉक हो गया था। उन्हें हुई असुविधा के लिए हमें खेद है और हम इस मुद्दे की जांच कर रहे हैं। कुमार ने गुरुवार को एक ट्वीट में कहा कि पेज को ब्लॉक करना लोकतंत्र पर कुठाराघात है।

 

मीरा कुमार ने हिंदी में ट्वीट करते हुए कहा कि फेसबुक पेज ब्लॉक किया गया! आखिर क्यों? लोकतंत्र पर आघात! ये महज संयोग नहीं हो सकता है कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले फेसबुक मेरे पेज को ब्लॉक करता है! उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि बहुत विरोध के बाद फेसबुक पेज अनब्लॉक हो गया। बता दें कि फेसबुक पिछले कई महीनों से राजनीतिक झुकाव और कथित रूप से सत्ता के करीबी लोगों के नफरत फैलाने वाले पोस्ट से निपटने में असफल रहने के कारण विवादों में है।

Seema Sharma

Advertising