ईंधन की बढ़ती कीमतों के लिए बाहरी कारक जिम्मेदार : प्रधान

Sunday, Sep 02, 2018 - 11:34 PM (IST)

सूरतः पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल का दाम बढऩे के पीछे ‘बाहरी कारक’ जिम्मेदार हैं और ईंधन कीमतों में बढ़ोत्तरी का यह दौर अस्थायी है। यहां आयोजित एक सम्मेलन से इतर पत्रकारों से चर्चा में प्रधान ने कहा कि कच्चे तेल में उत्पादन की कमी घरेलू बाजार में ईंधन की कीमतें बढऩे का एक बड़ा कारण है।

प्रधान कपड़ा और प्लास्टिक क्षेत्र के निवेशकों के एक सम्मेलन का उद्घाटन करने आए थे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं दो बातें स्पष्ट तौर पर कहना चाहता हूं। पहली, तेल निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) ने अपना तेल उत्पादन बढ़ाकर प्रतिदिन 10 लाख बैरल करने का वादा किया था लेकिन यह पूरा नहीं किया। इसके अलावा वेनेजुएला और ईरान जैसे तेल उत्पादक देशों में संकट बढ़ रहा है।’’

प्रधान ने कहा, ‘‘तेल उत्पादन घटने से उसकी कीमतों पर दबाव पड़ा है। वहीं दुनियाभर की मुद्राएं डॉलर के मुकाबले कमजोर हो रही हैं।’’ इस प्रकार यह दोनों बाहरी कारक देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के पीछे जिम्मेदार हैं।

Yaspal

Advertising