सईद की रिहाई पर बोला भारत- आतंकवाद को शह दे रहा है पाक

punjabkesari.in Thursday, Nov 23, 2017 - 05:50 PM (IST)

नई दिल्ली: भारत ने मुंबई आतंकी हमले के साजिशकर्ता हाफिज सईद की हिरासत से रिहाई संबंधी खबर पर ‘आक्रोश’ व्यक्त करते हुए इस कदम को संयुक्त राष्ट्र घोषित आतंकवादियों को ‘‘ मुख्यधारा’’ में लाने का पाकिस्तान का प्रयास करार दिया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हाफिज सईद को रिहा किया जाना आतंकवादियों को न्याय के कटघरे में खड़ा करने की दिशा में पाकिस्तान की गंभीरता में अभाव तथा सरकार से इतर तत्वों का बचाव एवं संरक्षण करने के प्रयास को दर्शाता है।  

अंतर्राष्ट्रीय समुदाय इस फैसले से आक्रोशित
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि भारत सहित सम्पूर्ण अंतर्राष्ट्रीय समुदाय इस बात से आक्रोशित है कि एक स्वयं स्वीकार्य और संयुक्त राष्ट्र घोषित आतंकवादी को उसके दुष्ट एजेंडे को जारी रखने और खुले में विचरण करने की अनुमति दे दी गई। हाफिज सईद को 26/11 मुंबई आतंकी हमले का ‘प्रधान संयोजक’ करार देते हुए कुमार ने कहा कि प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात उद दावा के नेता ने पाकिस्तान के पड़ोसी देशों के खिलाफ अनेक आतंकी हमलों को अंजाम दिया। वह मुंबई हमले का साजिशकर्ता ही नहीं प्रधान संयोजक था।   

मुम्बई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड है सईद 
उल्लेखनीय है कि हाफिज सईद को जल्द ही हिरासत से रिहा कर दिया जायेगा क्योंकि पाकिस्तान के एक न्यायिक संस्था ने उसे नजरबंदी से रिहा करने का आदेश दिया है। यह 2008 में मुम्बई पर आतंकी हमले के साजिशकर्ता को न्याय के कटघरे में खड़ा करने के भारत के प्रयास को धक्का है। प्रतिबंधित संगठन जमात उद दावा के प्रमुख पर अमेरिका ने एक करोड़ डालर का ईनाम घोषित कर रखा है और वह इस वर्ष जनवरी से हिरासत में है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News