तमिलनाडु में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुआ विस्फोट, दो मजदूरों की मौत, कई घायल
punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 01:39 PM (IST)
नेशनल डेस्क: तमिलनाडु के दक्षिणी जिले विरुधुनगर में शिवकाशी के पास सेंगलामपट्टी गांव में रविवार को एक अवैध पटाखा निर्माण शेड में हुए विस्फोट में दो मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त रिपोटर के अनुसार, अस्थायी टीन शेड के नीचे कई मजदूर पटाखे बनाने के काम में लगे हुए थे, तभी वहां अचानक आग लग गई और जोरदार धमाके के साथ विस्फोट हो गया। इसका असर लगभग पांच किलोमीटर के दायरे तक महसूस किया गया और पूरा इलाका घने धुएं से भर गया। सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए चलाए गए बचाव अभियान के दौरान उन्हें दो जले हुए शव मिले, जिन्हें पोस्टमाटर्म के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। बचाए गए लोगों में से कुछ 80 से 90 प्रतिशत तक जल चुके थे, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर बचाव कार्य जारी है तथा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
