एग्जिट पोल: भाजपा ने जताई जीत की उम्मीद, आप, कांग्रेस ने उठाए सवाल

Monday, May 20, 2019 - 07:20 PM (IST)

नई दिल्ली: अधिकतर एग्जिट पोल में दिल्ली में भाजपा के सभी सात लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने का पूर्वानुमान होने के बाद आप और कांग्रेस ने जहां उसकी सत्यता पर सवाल उठाया वहीं भगवा दल इसके सच होने की कामना कर रहा है। अधिकतर एग्जिट पोल भाजपा की भारी जीत का पूर्वानुमान लगाते हुए अरविंद केजरीवाल के खाता भी ना खोल पाने की आशंका जता रहे हैं। लोकसभा चुनाव के नतीजे 23 मई को घोषित किए जाएंगे।

‘आप' के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए हिंदी में ट्वीट किया,‘क्या असली खेल ईवीएम है? क्या पैसे देकर एग्जिट पोल कराया गया? उप्र, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, दिल्ली, बंगाल हर जगह भाजपा ही जीत रही है ये कौन यक़ीन करेगा? सभी दल निर्वाचन आयोग से मिलकर वीवीपीएटी-ईवीएम के मिलान में गड़बड़ी पर चुनाव रद्द कराने की मांग करें।' 

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने हालांकि राष्ट्रीय राजधानी की जनता का शुक्रिया अदा करते हुए असली नतीजों के भी एग्जिट पोल के पूर्वानुमान के अनुसार होने की उम्मीद जाहिर की। उन्होंने कहा,‘एग्जिट पोल के अनुसार हम दिल्ली की सभी सात सीटों पर जीत रहे हैं। हम दिल्ली की जनता का इस रुख के लिए शुक्रिया अदा करते हैं और 23 मई को आने वाले लोकसभा चुनाव के नतीजों के अनुरूप होने की कामना करते हैं।'

कुछ एग्जिट पोल में कांग्रेस के दिल्ली में एक सीट जीतने का दावा भी किया गया है। दिल्ली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चांदनी चौक से पार्टी के उम्मीदवार जे पी अग्रवाल ने कहा कि एग्जिट पोल के पूर्वानमुान पर ‘विश्वास कर पाना कठिन' है। अग्रवाल ने कहा, ‘ पूर्वानुमान वास्तविकता से काफी दूर हैं। इस पर विश्वास कर पाना मुश्किल है कि भाजपा अधिकतर सीटों पर जीतेगी जबकि मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में वह विधानसभा चुनाव हारी है।'

‘टीवी-सीएनएक्स' के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा की सभी सात सीटों पर जीत दर्ज कर 2014 की जीत दोहराने की संभावना है। ‘इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया' के एग्जिट पोल के अनुसार सात में से छह पर भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस जीत दर्ज करेगी। ‘न्यूज 24 चाणक्य' के अनुसार भाजपा सभी सात सीटों पर जीत दर्ज कर रही है। ‘न्यूज 18-आईपीओएस' के अनुसार भाजपा छह और कांग्रेस एक सीट जीतेगी। दिल्ली में मुख्य तौर पर भाजपा, आप और कांग्रेस के बीच मुकाबला है।

shukdev

Advertising