दो जनवरी को प्रशासन विरोधी मोर्चा खोलेंगे पूर्व मंत्री

Tuesday, Dec 25, 2018 - 09:35 PM (IST)

कठुआ : प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में पूर्व मंत्री बाबू सिंह ने अपने जारी धरने के चलते आगामी दो जनवरी को शांतिपूर्वक धरने का ऐलान किया है। साथ ही रियासत के राज्यपाल से डी.सी. कठुआ के ट्रांसफर की मांग की है। मंगलवार को धरने के दौरान बाबू सिंह ने कहा कि लोग भी प्रशासन की इस तरह की विभिन्न कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन के आदेशों पर उनकी भूमि पर गड््ढे निकाल दिए गए जबकि उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। प्रशासन ने जबरन आकर यहां गड्ढे निकाल दिए जबकि इस भूमि की पूरी मालकियत उनके पास है।

उन्होंने कहा कि डी.सी. कठुआ ने साजिश के तहत उनकी राजनीतिक छवि को बिगाडऩे का यह प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के आदेशों को उन्होंने कोर्ट में चुनौती गत दिवस दी थी। जिसके बाद डिवकाम की ओर से एक नोटिस निकाला गया। आगामी तीस जनवरी को अब जबाव प्रशासन की ओर से देना होगा। उन्होंने रियासत के राज्यपाल से डी.सी. का तत्काल तबादला करने की मांग भी की। बाबू सिंह ने कहा कि फिलहाल वे धरना स्थगित कर रहे हैं जबकि दो जनवरी को प्रशासन विरोधी मोर्चा खोलते हुए शांतिपूर्वक आंदोलन किया जाएगा। 
 

Monika Jamwal

Advertising