PM मोदी का हर दौरा उत्तराखंड के लिए नयी ऊर्जा और विकास की सौगात लाता है: धामी

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 07:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कहा कि उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हर दौरा प्रदेश के लिए नयी ऊर्जा और विकास की सौगात लेकर आता है। यहां प्रधानमंत्री द्वारा 11,963 करोड़ रुपये की लागत से तैयार दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तराखंड और देश को इस आर्थिक गलियारे की सौगात मिली है। 

PunjabKesari
 

साहेब ने सामाजिक सौहार्द एवं समरसता को मजबूत किया 
आज के दिन को कई मायनों में खास बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर जहां दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे के रूप में उत्तराखंड की विकास यात्रा को नयी गति मिल रही है, वहीं यह अवसर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती का भी है। धामी ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने सामाजिक सौहार्द एवं समरसता को मजबूत करने के लिए वंचित वर्गों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। 

PunjabKesari

उत्तराखंड के प्रति पीएम मोदी का विशेष लगाव
मुख्यमंत्री ने मोदी के उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताकर राज्य के लोगों का उत्साहवर्धन किया, सीमांत गांव माणा में पहुंचकर उसे देश का प्रथम गांव घोषित किया और वैश्विक निवेशक सम्मेलन के उद्घाटन के दौरान 'वेड इन उत्तराखंड' (उत्तराखंड को विवाह गंतव्य के रूप में) को बढ़ावा दिया।

PunjabKesari

उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध 
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आदि कैलाश के दर्शन कर इस तीर्थ को विश्व पटल पर नयी पहचान दिलाई, राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन कर देवभूमि को खेलभूमि के रूप में पहचान दिलाई, हर्षिल-मुखबा क्षेत्र से शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा दिया तथा रजत जयंती वर्ष के अवसर पर अगले 25 वर्षों के लिए राज्य को नया दृष्टिकोण दिया।
PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ''विकास भी और विरासत भी'' की अवधारणा के अनुरूप उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। 

PunjabKesari

उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने बीते वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। 2014 के बाद भारत ने आधारभूत संरचना, अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तीकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे हर क्षेत्र में नयी ऊंचाइयों को छुआ है।'' मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को नंदा राजजात यात्रा पर आधारित एक स्मृति-चिह्न भेंट किया, जिसमें मां नंदा की डोली और यात्रा की अगुवाई करते स्थानीय लोगों का सुंदर चित्रण किया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News