पाकिस्तान का हर मुद्दे को कश्मीर से जोडऩा बेतुका: नायडू

Monday, Jun 27, 2016 - 06:40 PM (IST)

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने पाकिस्तान द्वारा हर मुद्दे को कश्मीर से जोडऩे को पूरी तरह बेतुका और अस्वीकार्य कहा। उन्होंने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और इस पर किसी तरह के समझौते का कोई सवाल नहीं उठता। उन्होंने पड़ोसी देश को नसीहत दी कि कश्मीर के मुद्दे को हमेशा के लिए छोड़ दे।  

 
नायडू ने यहां एक समारोह से इतर कहा,‘‘पाकिस्तान को कश्मीर को हमेशा के लिए छोड़ देना चाहिए। इसके अलावा हर चीज को कश्मीर से जोडऩा पूरी तरह बेतुका और अस्वीकार्य है। कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और इस पर किसी तरह के समझौते का कोई सवाल नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत अपने पड़ोसी देश के साथ रिश्ते सुधारने के लिए और संवाद प्रक्रिया को फिर से शुरू करने के लिए हर कदम उठा रहा है। नायडू ने कहा,‘‘लेकिन इन तत्वों के बावजूद पाकिस्तान में अगर वे ये सब काम यानी आतंकवादियों की मदद, उन्हें आर्थिक मदद और प्रशिक्षण देना जारी रखते हैं तो इससे हालात में मदद नहीं मिलने वाली।’’  
 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शपथ ग्रहण समारोह में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को आमंत्रित किया था, खुद पाकिस्तान गये थे और वहां के प्रधानमंत्री से दुआ-सलाम की थी। नायडू ने कहा अगर आप बातचीत करना चाहते हैं तो कितनी भी बार अपने संशय दूर कर सकते हैं। कोई भी बातचीत कर सकता है और दुविधाओं को दूर कर सकता है। लेकिन बार बार इसे विवाद बनाने से रिश्तों को सुधारने में मदद नहीं मिलेगी। उन्होंने पाकिस्तान द्वारा खुद को ‘आतंकवाद का शिकार’ होने की दुहाई देते रहने पर उसे आड़े हाथ लेते हुए कहा,‘‘एक तरफ आप आतंकवादियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं और दूसरी तरफ आप आतंकवाद के बारे में विलाप कर रहे हैं। पाकिस्तान समझ ले और देख ले कि इस तरह की ताकतें कुचल दी जाती हैं।’’ 
Advertising