एग्जिट पोल: त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय में बनेगी भाजपा की सरकार

Wednesday, Feb 28, 2018 - 08:47 AM (IST)

नई दिल्ली: त्रिपुरा में लैफ्ट की 25 साल पुरानी सरकार को गिराने में भाजपा सफल हो सकती है। एग्जिट पोल की मानें तो भाजपा त्रिपुरा में 60 में से 35 से ज्यादा सीटें हासिल कर सकती है। वहीं एग्जिट पोल के मुताबिक नागालैंड में भी भाजपा को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है।

आइए देखते हैं तीनों चुनावी राज्यों को लेकर क्या कहते हैं एग्जिट पोल:
त्रिपुरा में बन सकती है भाजपा सरकार

न्यूज एक्स के एग्जिट पोल के मुताबिक त्रिपुरा में पहली बार भाजपा, आई.पी.एफ .टी. की मदद से सरकार बना सकती है। अनुमान है कि भाजपा और आई.पी.एफ .टी. के गठजोड़ को 35 से 45 सीटें मिल सकती हैं। वहीं सी.पी.एम. का ग्राफ  50 सीटों से गिर कर 14.23 के बीच रह सकता है।

सीवोटर में कांटे की टक्कर
सीवोटर के एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन और लैफ्ट के बीच कांटे की टक्कर बताई जा रही है। इसके मुताबिक सी.पी.एम. को 44.3 फीसदी वोट के साथ 26 से 34 सीटें मिल सकती हैं। वहीं भाजपा और इसके सहयोगियों को 42.8 फ ीसदी मतों के साथ 24 से 32 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके अलावा कांग्रेस को 7.2 फ ीसदी वोट के साथ 0 से 2 सीटें मिलने का अनुमान जताया जा रहा है।

नागालैंड में भी भाजपा आगे
 नागालैंड की अगर बात करें तो यहां भी एग्जिट पोल में भाजपा को आगे बताया जा रहा है। नेफ्यू रियो की अगुवाई वाले एन.डी.पी.पी. के साथ भाजपा ने गठबंधन किया है। एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा को सहयोगियों के साथ 27 से 32 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा 60 सदस्यों वाली विधानसभा में एन.पी.एफ . को 20 से 25 सीटें, जबकि कांग्रेस को 0 से 2 सीटें मिलने का अनुमान है।

मेघालय में भी भाजपा को फायदा
एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में अनुमान है कि मेघालय में भाजपा 60 सदस्यीय विधानसभा में तकरीबन आधी सीटें (30 तक) जीत सकती है। वहीं कांग्रेस को केवल 20 सीटें मिलने का अनुमान है। कोनार्ड संगमा की अगुवाई वाली एन.पी.पी. (नैशनल पीपुल्स पार्टी) को न्यूज एक्स के एग्जिट पोल में 23 से 27 सीटें दी गई हैं।

Advertising