महाराष्ट्र भाजपा ने रद्द किया सुब्रमण्यन स्वामी का व्याख्यान

Monday, Jun 27, 2016 - 12:57 AM (IST)

मुंबई: देश में आपातकाल लगाए जाने के 41 साल पूरा होने के मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी का प्रस्तावित व्याख्यान आज रद्द कर दिया गया। यह व्याख्यान दक्षिण मुंबई में एक निजी कॉलेज में होना था और स्वामी इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता थे। ‘‘आपातकाल भविष्य के लिए सीख’’ विषय पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख रावसाहेब दानवे और मुंबई के पार्टी प्रमुख आशीष शेलार सहित अन्य नेताओं को निमंत्रित किया गया था।  
 
यह पूछे जाने पर कि कार्यक्रम को क्यों रद्द किया गया, एक वरिष्ठ भाजपा अधिकारी ने कहा, ‘‘ अपरिहार्य कारणों के चलते स्वामी रविवार को मुंबई आने की स्थिति में नहीं थे इसलिए कार्यक्रम रद्द किया गया।’’  हालांकि आशीष शेलर से जब पूछा गया तो उन्होंने बताया, ‘‘ मुंबई भाजपा ने इस कार्यक्रम को रद्द करने का निर्णय किया।’’  हालांकि उन्होंने इसके लिए कोई कारण बताने से इनकार किया। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों सुब्रमण्यन स्वामी ने वित्त मंत्री अरुण जेटली, मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यन और आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास पर निशाना साधा और उनकी टिप्पणियां कथित रूप से भाजपा को रास नहीं आई हैं। 
Advertising