उपचुनाव के नतीजों पर बोले राजनाथ, लंबी छलांग लगाने के लिए दो कदम पीछे जाना पड़ता है

Thursday, May 31, 2018 - 02:22 PM (IST)

 भोपाल: केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने देश में आज कुछ स्थानों पर उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सफलता नहीं मिलने के संदर्भ में कहा कि लंबी छलांग लगाने के लिए दो कदम पीछे जाना पड़ता है। सिंह ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान उपचुनावों को लेकर मिले रूझान के संबंध में जवाब दिया था। उनसे पूछा गया था कि क्या नतीजे केंद्र और उत्तरप्रदेश में सत्तारूढ़ दल भाजपा के खिलाफ हैं। सिंह ने सधा हुआ जवाब देते हुए कहा कि सिर्फ इतना कहा कि लंबी छलांग लगाने के लिए दो कदम पीछे जाना पड़ता है।  
 

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के चार वर्षों की उपलब्धियां बताने के लिए आयोजित इस पत्रकार वार्ता में सिंह ने पेट्रोलियम पदार्थों के दाम लगातार बढऩे और इसको लेकर विपक्ष के तीखे हमलों के बारे में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल (कच्चे तेल) के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पेट्रोलियम कंपनियां उसके अनुसार दाम तय कर रही हैं। हालाकि उन्होंने कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था पर कोई विपरीत असर नहीं पड़ रहा है। आर्थिक मोर्चे पर यदि कोई आपात स्थिति बनती है तो इससे निपटने के लिए केंद्र सरकार सक्षम है।
 सरकार के पास चार सौ मिलियन डॉलर का विदेशी मुद्रा भंडार है। इसके पहले सिंह ने आज यहां भोपाल में सेंट्रल अकॉदमी फॉर पुलिस ट्रेनिंग का उदघाटन किया। इस मौके पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह भी मौजूद थे। सिंह कल देर शाम भोपाल पहुंचे थे और रात्रि विश्राम भोपाल में ही किया था। वे आज दोपहर विशेष विमान से वापस दिल्ली रवाना हो गए।  

Anil dev

Advertising