चुनाव आयोग की टीम आज जाएगी हिमाचल, गुजरात के दौरे पर...दो दिवसीय यात्रा पर तमिलनाडु जाएंगे नड्डा, मॉर्निंग ब्रीफ न्यूज में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Thursday, Sep 22, 2022 - 05:24 AM (IST)

नेशनल डेस्कः आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज करते हुए चुनाव आयोग का दल बृहस्पतिवार से हिमाचल प्रदेश और गुजरात का दौरा करेगा और दोनों राज्यों में चुनाव तंत्र की तैयारी का आकलन करेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे बृहस्पतिवार से हिमाचल प्रदेश के तीन-दिवसीय दौरे पर होंगे। 
PunjabKesari
उधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा बृहस्पतिवार को दो दिवसीय यात्रा पर तमिलनाडु जाएंगे जहां वह पार्टी की कई बैठक करने के अलावा एक जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा प्रवक्ता के अनुसार शुक्रवार को कराईकुडी में उनका पिल्लायार्पत्ती विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना का भी भी कार्यक्रम है। नड्डा तिरूपत्तूर में महान स्वतंत्रता सेनानियों मरुधु बंधुओं को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। 

मॉर्निंग ब्रीफ न्यूज में पढ़ें देश की बड़ी खबरें- 

दिल्ली में कोविड स्थिति की समीक्षा के लिए आज होगी डीडीएमए की बैठक 
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) यहां कोविड की स्थिति की समीक्षा करने तथा इस संक्रमण से निपटने और अस्पतालों में लगाए गए संसाधनों का मूल्यांकन करने के लिए बृहस्पतिवार को एक बैठक करेगा। अप्रैल में अपनी पिछली बैठक में प्राधिकरण ने सार्वजनिक स्थानों पर लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य किया था और उल्लंघन करने पर 500 रुपए का जुर्माना तय किया था।  

प्रख्यात हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक 
प्रख्यात हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव का बुधवार को दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। वह 58 वर्ष के थे। राजू श्रीवास्तव का 40 दिन से अधिक समय से अस्पताल में भर्ती थे। वहीं प्रधानमंत्री ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ राजू श्रीवास्तव ने हंसी, हास्य और सकारात्मकता के साथ हमारे जीवन को रोशन किया। वह बहुत जल्दी हमें छोड़कर चले गए लेकिन अपने समृद्ध काम के जरिए वह अनगिनत लोगों के दिलों में बसे रहेंगे।''

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव: सोनिया से मिले अशोक गहलोत 
कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का स्पष्ट संकेत देने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को सोनिया गांधी से मुलाकात की।माना जा रहा है कि सोनिया गांधी से उनकी मुलाकात के दौरान अध्यक्ष पद के चुनाव से जुड़े विषयों पर ही मुख्य रूप से चर्चा हुई है।मुलाकात से पहले गहलोत ने कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का स्पष्ट संकेत दिया और कहा कि पार्टी के लोगों का जो फैसला होगा, उसे वह मानेंगे। 

मुख्‍यमंत्री गहलोत आज जाएंगे कोच्चि, भारत जोड़ो यात्रा में लेंगे भाग  
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बृहस्पतिवार को कोच्चि जाएंगे जहां वह कांग्रेस की ‘‘भारत जोड़ो पदयात्रा' में शामिल होंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार सुबह जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। मुख्यमंत्री शाम को दिल्ली से मुंबई रवाना होंगे जहां स्थानीय आयोजन में भाग लेने बाद उनका रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री बृहस्पतिवार सुबह मुंबई से कोच्चि के लिए रवाना होंगे, जहां शाम पांच बजे उनका ‘‘भारत जोड़ो पदयात्रा' में शामिल होने का कार्यक्रम है। 

चुनाव लड़ने की तैयारी में थरूर, मिस्त्री से मिलकर नामांकन की प्रक्रिया की जानकारी ली 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर पार्टी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं और इसी क्रम में उन्होंने पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री से मुलाकात कर नामांकन की प्रक्रिया की जानकारी ली। मिस्त्री ने मीडिया को बताया कि थरूर ने उनसे मुलाकात कर निर्वाचक मंडल की सूची, चुनाव एजेंट और नामांकन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल की। 

कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव : आज जारी होगी अधिसूचना, मुकाबले के आसार 
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अधिसूचना जारी की जाएगी और इसके साथ ही देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल के सर्वोच्च पद पर आसीन होने वाले व्यक्ति को चुनने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से आरंभ हो जाएगी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News