चौथे चरण का चुनाव प्रचार थमा, 961 उम्मीदवार मैदान में

Saturday, Apr 27, 2019 - 06:06 PM (IST)

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 29 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार शनिवार शाम पांच बजे समाप्त हो गया। साथ ही ओडिशा विधानसभा चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के लिए भी प्रचार का शोर आज थम गया। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग सीट समेत नौ राज्यों की 72 सीटों और ओडिशा विधानसभा की 42 सीटों के लिए सोमवार को मतदान होगा। सुरक्षा कारणों से अनंतनाग सीट पर तीन हिस्सों में मतदान हो रहा है। इस सीट के एक हिस्से में तीसरे चरण में वोट डाले जा चुके हैं जबकि चौथे और पांचवें चरण में अन्य दो हिस्सों में मतदान होना है।

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 961 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। एक लाख 40 हजार 849 मतदान केंद्रों पर 12,79,58,477 मतदाता वोट डाल सकेंगे। इनमें 6,73,22,777 पुरुष, 6,06,31,574 महिला और 4,126 किन्नर हैं। इस चरण में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बिहार की बेगुसराय सीट से, गजेंद्र सिंह शेखावत राजस्थान की जोधपुर सीट से, पी.पी. चौधरी राजस्थान की पाली सीट से और एस.एस. अहलूवालिया पश्चिम बंगाल की बद्र्धमान-दुर्गापुर सीट से भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

बेगुसराय में छात्र राजनीति से राष्ट्रीय राजनीति में आये कन्हैया कुमार भारतीय कम्युनिस्ट पाटी के उम्मीदवार के रूप में  सिंह को टक्कर दे रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल के तनवीर हसन की मौजूदगी के कारण वहां मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। जोधपुर में शेखावत का मुकाबला राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत से है जो कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में राष्ट्रीय लोक समता पाटी के उपेंद्र कुशवाहा बिहार के उजियारपुर से, समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव उत्तर प्रदेश के कन्नौज से, राष्ट्रीय जनता दल के अब्दुल बारी सिद्दिकी बिहार की दरभंगा सीट से, कांग्रेस की उर्मिला मातोंडकर मुंबई उत्तरी से, संजय निरुपम मुंबई उत्तर-पश्चिम से और प्रिया दत्त मुंबई उत्तर-मध्य से तथा भाजपा के बाबुल सुप्रियो पश्चिम बंगाल के आसनसोल से, स्वामी साक्षी महाराज उत्तर प्रदेश के उन्नाव से और दुष्यंत कुमार राजस्थान के झालावाड़-बारन से चुनावी मैदान में हैं।

कुमार राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के बेटे हैं। मुंबई उत्तर-मध्य में प्रिया दत्त को भारतीय जनता पार्टी की पूनम महाजन टक्कर दे रही हैं। मुंबई दक्षिणी सीट से शिवसेना के मौजूदा सांसद अरविंद गणपत सावंत और कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में महाराष्ट्र की 17, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की 13-13, पश्चिम बंगाल की आठ, ओडिशा और मध्य प्रदेश की छह-छह, बिहार की पांच और झारखंड की तीन सीटों पर मतदान होना है जबकि अनंतनाग सीट के तहत पुलवामा जिले में वोट डाले जाएंगे। इसके साथ ही महाराष्ट्र की सभी 48 और ओडिशा की सभी 21 लोकसभा सीटों पर मतदान पूरा हो जाएगा। राजस्थान, मध्य प्रदेश और झारखंड में सोमवार को मतदान का पहला चरण होगा।

shukdev

Advertising