अभिनेत्री राम्या पर बरसाए अंडे, ‘राम्या मुर्दाबाद’ के लगे नारे

Friday, Aug 26, 2016 - 02:03 AM (IST)

मंगलूरू: देशद्रोह और अन्य आरोपों का सामना कर रही अदाकारा से नेता बनीं राम्या की ‘पाकिस्तान नर्क नहीं है’ टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए भाजपा की युवा इकाई ने गुरुवार को उनकी कार पर अंडे फेंके। एयरपोर्ट पहुंचने पर पूर्व सांसद को भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और ‘राम्या मुर्दाबाद’, ‘राम्या वापस जाआे’ के नारे लगाए।
 
पुलिस ने बताया कि इसके बाद शहर में उनके जाने के क्रम में कार पर कुछ दूरी से अंडे फेंके गए। मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को घेर लिया और उनको वहां से दूर किया।  राम्या जन्माष्टमी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए शहर आयीं थी। उनकी कार के साथ पुलिस का एक एस्कार्ट वाहन भी था। युवा मोर्चा के कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक टीवी चैनल पर कल उनकी कथित टिप्पणी की प्रतिक्रिया में यह प्रदर्शन था, जिसमें उन्होंने मंगलूरू को ‘नर्क’ कहा था।
Advertising