Earthquake: पेरू में 6.9 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से कांपी धरती, दहशत में घरों से बाहर भागे लोग
punjabkesari.in Saturday, Nov 21, 2026 - 11:32 AM (IST)
पेरू: शुक्रवार को पेरू के मध्यवर्ती हिस्से में स्थित एंडीज पर्वतीय क्षेत्र में शुक्रवार को 6.9 तीव्रता का भूकंप आया। फिलहाल किसी तरह के नुकसान या जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। यू.एस. जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम 7:09 बजे (शनिवार 0900 GMT) आया। इसका केंद्र एंडीज में, जुनिन से 34 किलोमीटर (21 मील) उत्तर में और 108 किलोमीटर (67 मील) की गहराई पर था। पेरू के जियोफिजिकल इंस्टीट्यूट ने बताया कि किसी तरह के नुकसान या हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। भूकंप के झटके पेरू की राजधानी में भी महसूस किए गए, जिसके बाद लोग घबराकर सड़कों पर आ गए।
Temblor en Lima #temblor #sismo #peru https://t.co/GQwnerEgRR
— Mailyn Mendoza Villacorta (@thaiz_0004) November 21, 2026
टेलीविजन फुटेज में लीमा स्थित कांग्रेस भवन से सांसदों को बाहर निकलते हुए भी देखा गया। राष्ट्रीय राजधानी से लगभग 320 किलोमीटर पूर्व में स्थित जुनिन प्रांत के स्थानीय परिषद सदस्य विसेंट क्विस्पे ने स्थानीय प्रसारक RPP को बताया कि भूकंप के बाद नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है। उन्होंने कहा, "अब तक किसी नुकसान की सूचना नहीं है। इस इलाके में पहली बार इतनी तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया है।"
अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने कहा कि भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है। पेरू 'पैसिफिक रिंग ऑफ फायर' (प्रशांत महासागर की 'अग्नि वलय') पर स्थित है। यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल के कारण अक्सर भूकंप आते रहते हैं।
इस साल अगस्त में भी पेरू के एंडियन क्षेत्र में 6.7 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें दो लोग घायल हो गए थे और कई घरों, स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों को नुकसान पहुंचा था। उससे लगभग एक महीने पहले, जुनिन क्षेत्र में 5.5 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी और 30 अन्य घायल हो गए थे।
