दिल्ली उपचुनाव: राजेंद्र नगर से AAP प्रत्याशी होंगे दुर्गेश पाठक, संजय सिंह ने BJP अध्यक्ष को ललकारा

Saturday, May 28, 2022 - 03:03 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के राजेंद्र नगर विधानसभा सीट के लिए AAP पार्टी ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। AAP ने दुर्गेश पाठक को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने इसकी घोषणा की। प्रेस कांफ्रेंस में आप नेता संजय सिंह ने कहा, '"मैं आदेश गुप्ता (भाजपा दिल्ली प्रमुख) को बताना चाहता हूं कि आप के एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक राजिंदर नगर में हैं। आओ, उनका सामना करें। दुर्गेश पाठक राजिंदर नगर (आगामी उपचुनाव के लिए) से उम्मीदवार होंगे।"

23 जून को उपचुनाव होना है
बता दें कि, राजेंद्र नगर विधानसभा सीट से राघव चड्ढा विधायक थे। चड्ढा ने राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। राघव चड्ढा के इस्तीफे से रिक्त हुई सीट पर 23 जून को उपचुनाव होना है, जबकि उपचुनाव के नतीजे 26 जून को घोषित किए जाएंगे। उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने दुर्गेश पाठक को प्रभारी बनाया था। अब दुर्गेश पाठक को उम्मीदवार बना दिया गया है। 

राजेंद्र नगर उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी बैठक की थी। जिसके बाद पार्टी ने राजेंद्र नगर उपचुनाव में बड़ी जीत का दावा आम आदमी पार्टी ने किया है। दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है। राजिंदरनगर से भारतीय जनता पार्टी ने साल 2013 में हुए चुनाव में आखिरी बार इस सीट पर जीत हासिल की थी, जब उसके उम्मीदवार आर.पी. सिंह थे।

 

rajesh kumar

Advertising