जम्मू कश्मीर में बर्फबारी और बारिश, राजमार्ग बंद, उधमपुर के पास लगा जाम

Saturday, Mar 03, 2018 - 03:59 PM (IST)

श्रीनगर : कश्मीर के मैदानी इलाकों में एक बार फिर से बारिश देखने को मिली, वहीं पहाड़ों पर औसत दर्जे की बर्फबारी हुई। इस दौरान कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोडऩे वाला श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग भूस्खलन के कारण शनिवार को यातायात के लिए फिर से बंद किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले 12 घंटों के दौरान जम्मू एवं कश्मीर के मैदानी इलाकों में तेज बारिश हुई और पहाड़ी इलाकों में औसत बर्फबारी देखने को मिली। अगले 24 घंटे के दौरान मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है।

रिपोर्ट के अनुसार एनएच बंद होने के कारण उधमपुर में गाडिय़ों का जाम लगा है। श्रीनगर के लिए जाने वाली गाडिय़ों को उधमपुर में रोक दिया गया। जगह-जगह हुई लैंडस्लाइड को साफ करने का काम किया जा रहा है। ट्रेफिक विभाग का कहना है कि जब तक रास्ता साफ नहीं होता किसी को भी आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सीमा सडक़ संगठन के अधिकारियों ने मशीनों और कर्मचारियों को रास्ते से मिट्टी और पत्थर को हटाने के काम में लगाया है। इस बीच कश्मीर जाने वाले बड़ी संख्या में वाहन खासकर आवश्यक सामग्रियों से लदे ट्रक राजमार्ग पर फंसे हुए हैं। 

शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के बाद श्रीनगर शहर में 6.8, पहलगाम में 1.9 और गुलमर्ग में माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शुक्रवार को लेह शहर में माइनस .4 और कारगिल में माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। माइनस 4.3 के साथ कारगिल राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा। जम्मू शहर में शुक्रवार को 14.8, कटरा में 12.4, batote और बनीहाल, दोनों में 6.1, भदरवाह में 6.7 और उधमपुर में 13 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। 
यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दिगडोल समेत अन्य स्थानों पर भूस्खलन के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को सुबह से बंद कर दिया गया है। 

Advertising