कश्मीर में अगले कुछ दिन में खत्म हो जाएगा शुष्क मौसम का दौर

Saturday, Jan 27, 2018 - 06:06 PM (IST)

श्रीनगर : कश्मीर में जबरदस्त शीतलहर का दौर शनिवार को भी जारी रहा और पारा जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे बना रहा। हालांकि अगले कुछ दिन में क्षेत्र में शुष्क मौसम का दौर खत्म होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने कल कश्मीर में  कहीं बारिश तो कहीं हिमपात होने और सोमवार को व्यापक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। अगर पूर्वानुमान सही रहा तो उम्मीद है कि इससे इस बार की सर्दी में शुष्क मौसम का दौर खत्म हो जाएगा। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र के करगिल में पारा तीन डिग्री अधिक चढक़र शून्य से 15 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

विभिन्न शहरों का तापमान
उन्होंने बताया कि करगिल लगातार राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है, जबकि निकटवर्ती लेह शून्य से 11.2 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा। उन्होंने बताया कि ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में बीती रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि काजीगुंड में तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे, निकटवर्ती कोकरनागर में शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि कुपवाड़ा में बीती रात न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे, पहलगाम में तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 

सर्दी में बढ़ गई दिक्कतें
सर्दी का मौसम शुरू होने के बाद से ही कश्मीर में शुष्क मौसम एवं जबरदस्त शीतलहर का दौर चल रहा है, जिससे बुजुर्गों एवं बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो रही हैं। 
कश्मीर इस वक्त चिल्लई कलां की गिरफ्त में है। 40 दिन तक चलने वाली जबरदस्त ठंड की यह अवधि 31 जनवरी को खत्म होने वाली है। हालांकि इसके बाद भी राज्य में शीतलहर का दौर जारी रहेगा।
 

Advertising