मोदी देश के एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्होंने जनता के साथ भावनात्मक लगाव भी स्थापित किया: हर्षवर्धन

Wednesday, Oct 07, 2020 - 04:41 PM (IST)

नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ़ हर्षवर्धन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के 19 साल पूरे होने के अवसर पर आज कहा कि उनमें विकास के प्रति अनूठी कटिबद्धता है और वे देश के एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्होंने आम जनता के साथ राजनैतिक रिश्ता विकसित करने के साथ ही भावनात्मक लगाव भी स्थापित किया है। डॉ़ हर्षवर्धन ने कई ट्वीट करके मोदी की गत 20 साल के दौरान की उपलब्धियों की प्रशंसा की। 

मोदी ने सात अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी और उसके बाद से वह लगातार मई 2014 तक वहां के मुख्यमंत्री पद पर आसीन रहे। इसके बाद वर्ष 2014 में 26 मई को उन्हें केंद्र की बागडोर संभाली और वह देश के प्रधानमंत्री बने। केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट किया, जनसेवा और देशभक्ति की प्रतिमूर्ति मोदी में विकास के लिए अनूठी कटिबद्धता देखी जा सकती है। वे अपने लक्ष्य के प्रति बहुत सजग रहते हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक निर्णयों को सदैव देशवासियों के हित में लिया न कि राजनैतिक नफा- नुकसान के अनुरूप। 

उन्होंने कहा, जनप्रिय नेता मोदी देश के एकमात्र ऐसे नेता हैं जिन्होंने आम जनता से न केवल राजनैतिक रिश्ता विकसित किया है अपितु एक भावनात्मक लगाव भी स्थापित किया। पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और अब देश के प्रधान सेवक के रूप में वह पिछले 20 वर्ष से राष्ट्र की सेवा में समर्पित हैं।'' डॉ़ हर्षवर्धन ने ट्वीट किया,अपने 20 साल के सफर के दौरान जनता के कल्याण के लिए पूर्ण समर्पण ही मोदी पहचान है। उन्होंने न्यू इंडिया की परिकल्पना से करोड़ों लोगों को प्रेरित किया है और उनके नेतृत्व में देश में कई परिवर्तन आये। उन्होंने भूकंप के बाद भुज में जो राहत कार्य किया और कृषि के क्षेत्र में जो सुधार किये तथा औद्योगिक विकास की नयी इबारत लिखी, इनसे उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश को एक मॉडल राज्य के रूप में परिवर्तित कर दिया।

Anil dev

Advertising