जम्मू संभाग के सभी हायर सेकेन्डरी स्कूलों और विश्वविद्यालयों में पढ़ाई जाए डोगरी

Monday, Jul 15, 2019 - 07:09 PM (IST)

साम्बा : सिविल सोसाइटी साम्बा के अध्यक्ष शिव चरण सिंह की अध्यक्षता में साम्बा जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों की संयुक्त बैठक साम्बा में हुई। इस बैठक में सभी संगठनों ने सर्वसम्मति से पुरजोर तरीके से मांग की कि डोगरी विषय को जम्मू क्षेत्र के सभी 396 हायर सेकेन्डरी स्कूलों में पढ़ाया जाए। इसके साथ ही डोगरी को जम्मू क्षेत्र के सभी केन्द्रीय विद्यालयों और जवाहर नवोदय विद्यालयों में भी पढ़ाए जाने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि इग्नू (इंदिरा गांधी राष्ट्रीय ओपन युनिवर्सिटी) सहित जम्मू क्षेत्र के सभी विश्वविद्यालयों में डोगरी का एक अलग विभाग खोला जाए। 


    डोगरी के प्रति बरते जा रहे भेदभावपूर्ण रवैये पर रोष जताते हुए वक्ताओं ने कहा कि जम्मू कश्मीर कला संस्कृति और भाषा अकादमी में डोगरी के रिक्त पदों को तुरंत भरा जाना चाहिए। इन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो वे इसके लिए विरोध प्रदर्शन करेंगे। बैठक में भाग लेने वालों में सिविल सोसाईटी के सचिव डॉ. जगदीप सिंह, डोगरी भाषा अकादमी-साम्बा के अध्यक्ष डॉ खेम राज, महासचिव कीमत राज और कैशियर कुलदीप राज शास्त्री, जोन-माने लोक गायक एवं लेखक छज्जू सिंह काटल, मोहन लाल, धु्रव सिंह, पूरन चंद,  संतोख चंद, डुग्गर मंच के विभिन्न सदस्य, डोगरा सदर सभा, डोगरी भाषा अकादमी और सिविल सोसाईटी के सदस्य भी उपस्थित थे।
 

Monika Jamwal

Advertising