सर्जरी के दौरान डॉक्टर ने बुजुर्ग के सिर में मारे मुक्के, वीडियो आया सामने
punjabkesari.in Saturday, Dec 23, 2023 - 08:43 PM (IST)
बीजिंग : चीन में सर्जरी के दौरान डॉक्टर द्वारा बुजुर्ग महिला मरीज को मुक्के मारने का वीडियो वायरल हो रहा है और अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद लोगों में काफी आक्रोश है। हालांकि, यह घटना दिसंबर 2019 की है, लेकिन इस सप्ताह चीन के एक प्रमुख चिकित्सक आइ फेन द्वारा सर्जरी का सीसीटीवी फुटेज साझा किया जाने के बाद यह मामला सामने आया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मरीज की आंखों का ऑपरेशन करते समय सर्जन उसके सिर पर कम से कम तीन बार मुक्के मार रहा है।
‘बीबीसी' की खबर में बताया गया कि सर्जरी के दौरान 82 वर्षीय महिला को मुक्का मारने वाले सर्जन का वीडियो चीन में सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल के मूल समूह ‘आइयर चाइना' ने सर्जन और अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पर कार्रवाई की है। वहीं, इस मामले में पुलिस भी जांच कर रही है। ‘आइयर चाइना' ने कहा कि यह घटना दक्षिण-पश्चिमी चीनी शहर गुइयांग में उसके अस्पताल में एक ऑपरेशन के दौरान की है। उसने एक बयान में कहा, ‘‘सर्जरी के दौरान, ‘लोकल एनेस्थीसिया' देने के बाद मरीज ने अपना सिर और आंखें कई बार हिलाईं।'' चूंकि मरीज केवल स्थानीय बोली ही बोल सकती थी, इसीलिए वह मंदारिन भाषा में चिकित्सक की चेतावनियों को समझ नहीं पायी और इससे नाराज सर्जन ने ‘‘मरीज का बहुत खराब तरीके से इलाज किया''।
This surgeon punched an 80-year-old lady in the face for moving during surgery. Now she's blind in one eye, and everyone in China wants justice for her.
— JOE 𝕏 (@gani_jonathan) December 22, 2023
I saw another video of a surgeon performing oral sex on an unconscious patient.
Doctors need to do better please. pic.twitter.com/lQTkenUApa
खबर में बताया गया कि स्थानीय अधिकारियों ने कहा है कि मरीज के माथे पर चोट के निशान मिले थे। स्थानीय मीडिया संस्थानों ने मरीज के बेटे के हवाले से बताया कि सर्जरी के बाद अस्पताल प्रबंधन ने माफी मांगी और मुआवजे के तौर पर 500 युआन (70 अमेरिकी डॉलर) का भुगतान किया। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी मां को बाईं आंख से अब कुछ भी दिखाई नहीं देता है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि क्या ऐसा उसी घटना के कारण हुआ। ‘आइयर चाइना' ने कहा कि अस्पताल ने घटना के बारे में मुख्यालय को कोई सूचना नहीं दी। अस्पताल समूह ने ‘‘नियमों के गंभीर उल्लंघन'' पर बृहस्पतिवार को गुइयांग अस्पताल के सीईओ को बर्खास्त और सर्जन को निलंबित करने के बारे में बयान जारी किया।
