झोलाछाप डॉक्टर की करतूत: बेटी की जगह पैदा हुआ बेटा तो काट दिया गुप्तांग

Thursday, Apr 26, 2018 - 03:46 PM (IST)

नेशनल डेस्क: झारखंड के चतरा जिले से एक झोलाछाप डॉक्टर की शर्मनाक करतूत सामने आई है। जहां अपना झूठ छुपाने के लिए एक नवजात बच्चे का लिंग काटकर उसकी जान ले ली गई। ऐसा इसलिए किया कि डॉक्टर ने एक दिन पहले महिला का अल्ट्रासाउंड कर बताया था कि बेटी होगी लेकिन महिला ने बेटे को जन्म दिया। इसी बदनामी से बचने के लिए बच्चे का लिंग काट दिया गया। खून ज्यादा बहने से बच्चे की मौत हो गई जिसके बाद उसके शव को झाडिय़ों में फेंक दिया गया। पुलिस ने झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

जानकारी के अनुसार आठ माह की गर्भवती गुड्डी देवी को चतरा जिले के जय प्रकाश नगर में एक निजी नर्सिग होम में मंगलवार को भर्ती कराया गया था। झोलाछाप डॉक्टर अनुज कुमार ने महिला का अल्ट्रासाउंड कर उसके पति अनिल पंडा को बताया कि उनकी बेटी होगी। कुछ ही घंटे बाद महिला ने उसी क्लिनिक में बेटे को जन्म दिया। अपनी बात सही साबित करने के लिए डॉक्टर ने बच्चे का लिंग काट कर परिवार वालों से कहा कि बच्ची पैदा हुई है। हालांकि कुछ देर बाद बच्चे की मौत हो गई जिसके बाद उन्होंने परिवार वालों को शव देने से भी इंकार कर दिया। हंगामा करने पर बच्चे का शव सौंपा गया जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। 

परिजनों ने देखा कि नवजात लड़के का शव खून से लथपथ पड़ा था। डॉक्टर ने बच्चे के परिवार वालों को एक लाख रुपए का प्रलोभन देने का प्रयास किया लेकिन जब वह नहीं माने तो झोलाछाप डॉक्टर वहां से भाग निकला। वहीं पुलिस ने डॉ. अनुज और अल्ट्रासाउंड करने वाले डॉक्टर अरुण कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार दोनों डॉक्टर बिहार के बाराचट्‌टी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तारी कर लेगी। 
 

vasudha

Advertising