भारत को ‘हिन्दू पाकिस्तान’ नहीं बनाएं : येचुरी

Wednesday, Aug 09, 2017 - 06:35 PM (IST)

नई दिल्ली: सांप्रदायिकता के खतरों को रेखांकित करते हुए माकपा नेता सीताराम येचुरी ने भारत को ‘‘हिन्दू पाकिस्तान’’ नहीं बनने देने के लिए आगाह करते हुए धर्मनिरपेक्ष लोकतंत्र भारत गणराज्य की जरूरत पर बल दिया। वह भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर राज्यसभा में विशेष चर्चा के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता से बंटवारे का पीड़ादायक घटनाक्रम भी जुड़ा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सांप्रदायिकता भारत छोड़ो। सवाल यह है कि ‘‘क्या हम इसके लिए कुछ कर रहे हैं?’’ उन्होंने सांप्रदायिक सौहार्द से संबंधित कुछ पंक्तियां बोलते हुए कहा कि ‘हिन्दू पाकिस्तान’ नहीं बनाया जाना चाहिए। माकपा नेता ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ कई कम्युनिस्ट नेताओं के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सेलुलर जेल में बंद लोगों में से कई कम्युनिस्ट नेता बंगाल और पंजाब से थे।

येचुरी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन को हड़पने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दो कम्युनिस्ट नेताओं- एक मौलाना और एक स्वामी ने 1921 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की बैठक में पूर्ण स्वराज का प्रस्ताव पेश किया था। भारत छोड़ो आंदोलन आम लोगों से जुड़ा है और एक साझी विरासत है। 

Advertising