एम के स्टालिन बने डीएमके के पहले कार्यकारी अध्यक्ष

punjabkesari.in Wednesday, Jan 04, 2017 - 05:45 PM (IST)

चेन्नई: द्रमुक नेतृत्व की कमान आज नई पीढ़ी को सौंप दी गयी तथा पार्टी सुप्रीमो एम करूणानिधि के पुत्र एम के स्टालिन को द्रमुक का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस पद के तहत उन्हें सभी अधिकार प्राप्त होंगे। पार्टी की आम परिषद की यहां हुई बैठक में 63 वर्षीय स्टालिन को शीर्ष पद पर नियुक्त किया गया। उनकी यह नियुक्ति 93 वर्षीय करूणानिधि के गिरते स्वास्थ्य की पृष्ठभूमि में हुयी है। करूणानिधि को हाल ही में दो बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वह अब स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। करूणानिधि पार्टी अध्यक्ष बने रहेंगे। पिछले 50 साल में यह पहला मौका था जब करूणानिधि बीमारी के कारण आम परिषद की बैठक में शामिल नहीं हो सके। 

द्रमुक की स्थापना के 60 साल से ज्यादा हो गए हैं और यह पहला मौका है जब कार्यकारी अध्यक्ष का पद सृजित किया गया है।  पूर्व उप मुख्यमंत्री स्टालिन की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त करने के लिए बैठक में नियमों में संशोधन किए गए।  द्रमुक में पिछले कई वर्षों से कार्यकर्ताओं को पूरी उम्मीद थी कि स्टालिन ही करूणानिधि के उत्तराधिकारी होंगे। करूणानिधि ने इस संबंध में कई बार संकेत भी दिए थे।  पार्टी के वरिष्ठ नेता और महासचिव के अंबाझगन ने बैठक में इस पद के लिए स्टालिन के नाम का प्रस्ताव करते हुए कहा कि वह कोषाध्यक्ष के मौजूदा पद पर बने रहने के साथ ही कार्यकारी अध्यक्ष का काम भी करेंगे।   

स्टालिन को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद द्रमुक मुख्यालय ‘‘अन्ना अरिवालयम’’ तथा उनके निवास के बाहर कार्यकर्ता जश्न मनाने लगे। कार्यकर्ताओं ने पटाखे चलाए और मिठाइयां भी बांटी। नियुक्ति के बाद अपने संबोधन के समय स्टालिन अपने पिता के गिरते स्वास्थ्य का जिक्र करते हुए भावुक हो गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News