खुशियां बदली मातम में, बारात में गोली लगने से डीजे ऑपरेटर की मौत
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 09:21 PM (IST)
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने जश्न को शोक में बदल दिया। गगहा थाना क्षेत्र में शनिवार रात बारात के दौरान चली गोली से एक डीजे ऑपरेटर की मौत हो गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई और शादी का माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस के अनुसार, पाण्डेयपार गांव में आयोजित विवाह कार्यक्रम में रात करीब 10 बजे बारात मैरिज हॉल की ओर बढ़ रही थी। बाराती डीजे की धुन पर नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी बीच बारात में शामिल एक युवक ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तीन राउंड गोली चलाई गई, जिनमें से एक गोली डीजे संचालक के सिर में लग गई।
गोली लगते ही डीजे चला रहे गोलू उर्फ छोटू गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक गोला क्षेत्र के गौशाला गांव का निवासी बताया गया है और पेशे से डीजे ऑपरेटर था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ की है। एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और संदिग्ध की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
