शादी के बाद पहली दिवाली बनी इस Couple के लिए काल, मदद की जगह VIDEO बनाते रहे लोग

Tuesday, Oct 29, 2019 - 01:03 PM (IST)

नई दिल्ली: दीवाली के दिन कालकाजी मंदिर दर्शन करने जा रहे दंपति की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों की पहचान तरुण भारद्वाज (27) व उनकी पत्नी रिया भारद्वाज (22) के रूप में हुई है। टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे के बाद दोनों करीब दस फुट की दूरी पर गिरे। बताया जा रहा है कि रिया गर्भवती थी। कालकाजी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। 
 

मामलें की जांच में जुटी पुुलिस
पुलिस को अभी तक यह पता नहीं चला कि आखिर किस वाहन ने स्कूटी में टक्कर मारी है। हादसे के बाद घर में मातम का महौल पसरा है। तरुण भारद्वाज अपने परिवार के साथ चिराग दिल्ली गांव में रहते थे। वह कालकाजी मंदिर के पुजारी परिवार से थे। तरुण नीति आयोग में कांट्रेक्ट बेस पर नौकरी करते थे। दीवाली के मौके पर पति-पत्नी स्कूटी से सवार होकर सुबह करीब छह बजे कालकाजी मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। तभी नेहरू प्लेस फ्लाइओवर पर किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों स्कूटी से उछलकर दूर-दूर जा गिरे। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। 
 

दोनों की थी पहली दिवाली
तरुण के पिता बलदेव ने बताया कि गत 14 मई को ही दोनों की बड़ी धूमधाम से शादी हुई थी। शादी के बाद कुछ महीने पहले ही तरुण रिया को लेकर दिल्ली आया था। शादी के बाद पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। जब रिया गर्भवती हुई तो यह खुशी दोगुनी हो गई। शादी के बाद दोनों की यह पहली दीवाली थी, इसलिए दोनों ने धूमधाम से मनाने की प्लानिंग की थी। इसी के मदेदनजर दोनों रविवार सुबह-सुबह कालका जी मंदिर जा रहे थे। लेकिन किसी अज्ञात वाहन ने दोनों को पीछे से तेज रफ्तार में टक्कर मार दी और उनकी मौत हो गई। 


मदद के बदले मोबाइल से फोटो खींचते रहे लोग 
बताया जाता है कि हादसे के बाद वहां चारों तरफ लोगों की भीड़ जुट गई। लेकिन किसी ने दंपति की मदद नहीं की। उल्टा लोग हादसे का वीडियो व फोटो खींचते रहे। करीब 15 से 20 मिनट तक लोग तमाशाबीन बने रहे। किसी ने पुलिस को भी सूचना नहीं दी। बाद में वहां से गुजर रहे एक शख्स ने रुककर सबसे पहले पुलिस को सूचना दी।  

Anil dev

Advertising