विदेशों में भी रही दीवाली की धूमः बाइडन-हैरिस और ट्रंप ने दीं शुभकामनाएं, PAK में दिखे खूबसूरत नजारे

Monday, Nov 16, 2020 - 04:16 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः शनिवार को हिंदुओं का रोशनी पर्व दीवाली अमेरिका पाकिस्तान व ब्रिटेन सहित दुनिया भर में मनाया गया। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन, उप राष्ट्रपति निर्वाचित हुईं कमला हैरिस और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। बाइडन ने शनिवार को ट्वीट किया, ‘‘उजाले के पर्व को मना रहे लाखों हिंदुओं, जैनों, सिखों और बौद्धों को दीपावली की शुभकामनाएं। आने वाला वर्ष आशा, खुशियों और समृद्धि से भरा रहे। साल मुबारक।'' उप राष्ट्रपति चुनाव में जीतने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी और पहली अश्वेत महिला बनने का इतिहास रचने वाली हैरिस ने ट्वीट किया, ‘‘शुभ दीपावली और साल मुबारक। डगलस एमहॉफ और मेरी ओर से दुनियाभर में उत्सव मना रहे सभी लोगों को सुरक्षित, स्वस्थ और आनंदपूर्ण नववर्ष की शुभकामनाएं।'' एमहॉफ कमला हैरिस के पति हैं।

पड़ोसी देश पाकिस्तान के प्रमुख शहर कराची में में भी हिंदू समुदाय के लोगों ने बड़े उत्साह के साथ दिवाली मनाई। इस अवसर पर कराची के स्वामी नारायण मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया था। यहां बहुत सारी लाइट्स और रंगोली के साथ बहुत सारी सजावट थी। बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे। बता दें कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने भी हिंदुओं को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।

इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति साइरिल रामाफोसा ने दिवाली के मौके पर हिंदू समुदाय के लोगों को बधाई दी और देश की संस्कृति को समृद्ध करने के लिए उनका आभार जताया। रामाफोसा ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में 1860 में भारतीय बंधुआ श्रमिकों के आगमन के बाद से दिवाली मनाई जाती रही है। उन्होंने कहा, ‘‘यह इस उपमहाद्वीप की महान संस्कृति के लचीलेपन का प्रमाण है कि अफ्रीका के सुदूर दक्षिण में स्थित इस स्थान पर दीपावली मनाई जाती रही है।'' राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘हमारे कई शहरों में पर्वों की परंपराएं रही हैं। हम इनमें निहित समुदाय, भाईचारे और गौरव की भावना से अभिभूत हैं।''

 

Tanuja

Advertising