युद्ध के कारण ईंधन और एलपीजी की कीमतें बढ़ीं, प्रधानमंत्री ने प्रभावी तरीके से स्थिति संभाली : फडणवीस

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 06:01 PM (IST)

नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने रविवार को ईंधन और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर विपक्षी दलों की ओर से की जा रही आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि कीमतों में उतार-चढ़ाव का कारण ईरान-अमेरिका संघर्ष है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्थिति को कुशलतापूर्वक संभाला है और ऐसे समय में भी ईंधन की कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए कदम उठाए हैं, जब कई अन्य देशों में पेट्रोल, डीजल तथा गैस के दाम काफी बढ़ गए हैं। विपक्ष लगातार आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना कर रहा है।

इससे पहले दिन में, राकांपा (शप) के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बार-बार हो रही बढ़ोतरी से आम आदमी पर बोझ बढ़ रहा है और इसके लिए सरकार को ''राजनीतिक कीमत'' चुकानी पड़ेगी। फडणवीस ने पत्रकारों से कहा, "पूरी दुनिया युद्ध जैसी स्थिति से परिचित है और कोई भी देश इससे अछूता नहीं है। हर देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतें ऊंची हैं। भारत में प्रधानमंत्री ने कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए बहुत प्रयास किए हैं।

मेरा मानना है कि जब तक युद्ध जैसी स्थिति बनी रहेगी, तब तक कुछ प्रभाव जारी रहेंगे। लेकिन हमने पहले भी देखा है कि कीमतें घटी हैं, इसलिए जब मांग और उपलब्धता में बदलाव आएगा, तो कीमतें भी कम होंगी।" उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और उचित समय पर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। घरेलू रसोई गैस के दाम में प्रति सिलेंडर 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पिछले तीन महीने में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले सात मार्च को भी प्रति सिलेंडर 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News