BJP विधायक के बिगड़े बोल, कहा- मैं गृहमंत्री होता तो बुद्धिजीवियों को मरवा देता गोली

Friday, Jul 27, 2018 - 12:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भाजपा विधायकों के बिगड़े बोल का दौर थमता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। अब कर्नाटक के भाजपा विधायक ने बुद्धिजीवियों को लेकर विवादित बयान दिया है। विजयपुर से विधायक बसनागौड़ा पाटिल यतनाल ने कहा कि अगर वो देश के गृहमंत्री होते तो सभी बुद्धजीवियों को गोली मारने का आदेश दे देते। यही नहीं उन्होंने उदारवादियों' और बुद्धजीवियों को 'राष्ट्रद्रोही' भी करार दिया। 

बुद्धजीवियों को बताया 'राष्ट्रद्रोही'
वीरवार को कारगिल विजय दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में पाटिल यतनाल ने कहा कि ये बुद्धिजीवी देश की सारी सुविधाओं का इस्तेमाल करते हैं जिसके लिये हम टैक्स देते हैं। उसके बाद ये सब भारतीय सेना के खिलाफ नारेबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि देश को इस समय बुद्धिजीवियों और धर्मनिरपेक्षों से सबसे ज्यादा खतरा है। भाजपा विधायक ने कहा कि अगर मैं गृहमंत्री बना तो इन सभी को गोली मारने का आदेश दे दूंगा।


यतनाल पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान 
बता दें कि यतनाल को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष येदुरप्पा का नजदीकी भी माना जाता है। हाल ही में विधायक ने भाजपा नगरपालिका के सदस्यों से कहा था कि वो मुस्लिमों की मदद ना करें। वह अटल बिहारी सरकार में राज्य मंत्री के तौर पर भी कार्यरत रहे हैं। वहीं भाजपा विधायक के इस बयान के बाद विवाद बढ़ गया। सत्ताधारी जेडीएस और कांग्रेस ने विधायक के विरुद्ध तुरंत कार्रवाई की मांग की है।


कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना 
कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष दिनेश गुंडुराव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग केवल नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। इस तरह के बयानों से समाज में नफरत फैलाई जा रही है और पार्टी नेता हिंसा के जरिए सत्ता पाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ऐसे नेताओं को खुली छुट दे रखी है ताकि ये लोग खुलेआम ऐसी बातें करते रहें। 

vasudha

Advertising