दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामला: यूपी STF ने गाजियाबाद में दो आरोपियो को एनकाउंटर में किया ढेर

punjabkesari.in Wednesday, Sep 17, 2025 - 08:32 PM (IST)

नेशनल डेस्क : अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने दो आरोपियों को गाजियाबाद में एनकाउंटर में ढेर कर दिया। दोनों आरोपी रविंद्र उर्फ कल्लू और अरुण के रूप में पहचाने गए। पुलिस के अनुसार, ये दोनों रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग के सक्रिय सदस्य थे। यह मुठभेड़ थाना ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में STF की नोएडा यूनिट और दिल्ली की सीआई यूनिट की संयुक्त टीम के साथ हुई।

क्या है पूरा मामला?
बीते 12 सितंबर को बरेली जिले में दिशा पाटनी के घर पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस घटना के बाद थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए तत्काल खुलासा और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बरेली पुलिस और यूपी STF ने संयुक्त रूप से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी।

हरियाणा के रहने वाले दोनों आरोपी
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आसपास के राज्यों के क्राइम रिकॉर्ड्स का मिलान कर बदमाशों की पहचान की। रविंद्र पुत्र कल्लू निवासी कहनी, रोहतक (हरियाणा) और अरुण पुत्र राजेंद्र निवासी इंडियन कॉलोनी, गोहना रोड, सोनीपत (हरियाणा) थे। रविंद्र पहले भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा था।मंगलवार को गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी क्षेत्र में STF टीम को बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिली।

जब पुलिस ने घेराबंदी की, तो दोनों ने आत्मसमर्पण के बजाय गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रविंद्र और अरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस ने दोनों के पास से ग्लॉक और जिगाना पिस्टल के साथ-साथ भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए। STF ने बताया कि ये हथियार विदेश से तस्करी कर लाए गए थे।

2500 से अधिक CCTV फुटेज की जांच
फायरिंग की घटना के बाद बरेली पुलिस ने 2500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले थे। शीशगढ़ से बिलासपुर रोड पर संदिग्ध बाइक कैमरे में कैद हुई थी। बाइक सवारों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कई यू-टर्न लिए और रास्ते बदलते रहे। दिल्ली से मिले इनपुट के अनुसार, गोल्डी बरार गैंग के सदस्य हमेशा कैमरों से बचने के लिए जटिल रूट अपनाते हैं।

गैंग का कनेक्शन और आगे की कार्रवाई
STF ने पुष्टि की कि दोनों आरोपी रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग के सदस्य थे, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हैं। इस गैंग का कई राज्यों में अपराधों से लिंक है। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है। इस एनकाउंटर से दिशा पाटनी फायरिंग केस का मुख्य आरोपी ढेर होने से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Shubham Anand

Related News