गाय के आधार कार्ड को लेकर PM मोदी पर भड़के दिग्विजय

Tuesday, Apr 25, 2017 - 06:25 PM (IST)

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मोदी सरकार पर हमला बोला। इसके लिए उन्होंने मंगलवार को कुछ ट्वीट किए। सिंह ने ट्वीट करके मोदी सरकार से पूछा कि वे लोग गाय-भैंसों के आधार कार्ड क्यों बनवा रहे हैं और उसपर कितना खर्च आएगा ? उन्होंने लिखा कि मोदी जी को क्या हो गया है, अब गाय भेंसो का आधार कार्ड बना रहे हैं। अपने आखिरी ट्वीट में सिंह ने सवाल किया कि क्या उसके बाद भी मुस्लिम पशु पालकों की ‘गौ रक्षकों’ से सुरक्षा हो पायेगी। सिंह ने कथित गौरक्षकों को भी निशाने पर लिया।


उन्होंने लिखा कि शायद आधार कार्ड बनाने का ठेका भी गौ रक्षकों को मिलेगा। सिंह ने लिखा कि क्या गौ रक्षक बूढ़े और बीमार गौ वंशों के लिये गौ शाला चलाते हैं या फिर उनकी सेवा करते हैं। उन्होंने लिखा कि कथित गौरक्षक ऐसा नहीं करते क्योंकि उनको तो गुण्डा गर्दी करनी है। सिंह ने लिखा कि मोदी भक्तों, सही गौ रक्षा अहिंसक होती है हिंसक नहीं, जरा समझो, देश को मत बांटो। मोदी सरकार ने सभी गायों की रक्षा करने के लिए उनको युनीक आधार नंबर देने की बात कही है।


केंद्र ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट को भी इस बारे में बताया। केंद्र के मुताबिक, यह कदम गायों की तस्करी रोकने के लिए उठाया जाएगा। केंद्र ने यह भी बताया कि यूआईडी में गाय की उम्र, नस्ल, लिंग, हाइट, बॉडी, कलर, सींगों के प्रकार, पूंछ, निशान आदि के बारे में जानकारी होगी। 

 

 

Advertising