पद्मभूषण पुरस्कारों का ऐलान, धोनी और पंकज आडवाणी सहित इन हस्तियों को मिलेगा सम्मान

Friday, Jan 26, 2018 - 12:17 AM (IST)

नई दिल्ली: सरकार ने गुरुवार को इस साल पद्म पुरस्कार पाने वाली हस्तियों के नाम का ऐलान कर दिया। कुल 85 लोगों को पद्म पुरस्कार दिए गए हैं। 3 हस्तियों को पद्म विभूषण, 9 को पद्म भूषण और 73 को पद्म श्री पुरस्कार दिया गया है। पद्म पुरस्कार पाने वालों में 16 लोग या तो विदेशी हैं या एनआरआई या भारतीय मूल के हैं। 3 हस्तियों को मरणोपरांत पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। 

ये पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों और विषयों में दिए जाते हैं। इनमें कला, साहित्य और शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, सामाजिक कार्य, विज्ञान और इंजीनियरिंग, लोक-कार्य, नागरिक सेवाएं, व्यापार और उद्योग के क्षेत्र की हस्तियों को दिए जाते हैं। गौरतलब है कि साल 2017 को 89 लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। आजादी के बाद से अब तक कुल 4417 हस्तियों को देश के इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा जा चुका है। एक अधिकारी के अनुसार, 2018 में इस प्रतिष्ठित पुरस्कारों के लिए 15,700 से अधिक लोगों ने आवेदन किया है। पिछले साल 89 लोगों को पद्म पुरस्कार मिले थे जिनमें सात-सात पुरस्कार पद्म विभूषण और पद्म भूषण के थे।

इसके अलावा भारत के सबसे सफल क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और 18 विश्व खिताब जीतने वाले क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी को देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मभूषण पुरस्कार के लिए चुना गया है। भारत को 2007 में ट्वेंटी 20 विश्व कप और 2011 में एकदिवसीय विश्व कप जिता चुके धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और अब वह सिर्फ वनडे और ट्वेंटी 20 क्रिकेट खेलते हैं। धोनी भारत के सबसे सफल टेस्ट और वनडे कप्तान है और उनकी कप्तानी में भारतीय टीम टेस्ट रैंकिंग में पहली बार 2009 में नंबर वन भी बनी थी। धोनी ने भारत को 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी खिताब भी दिलाया है। 

आईसीसी के तीनों खिताब जीतने वाले वह दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं। धोनी 2007-2008 के लिए देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न से भी सम्मानित हो चुके हैं। देश के सर्वश्रेष्ठ स्नूकर एवं बिलियड्र्स खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने 18 विश्व खिताब जीते हैं। आडवाणी एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने स्नूकर के लंबे और छोटे फॉर्मेट (15-रेड स्टैण्डर्ड और 6-रेड ) में विश्व खिताब जीते हैं। 

पद्म विभूषण
1. इलैयाराजा (तमिलनाडु), कला और संगीत के क्षेत्र में 
2. गुलाम मुस्तफा खान (महाराष्ट्र), कला और संगीत 
3. परमेश्वरन परमेश्वरन (केरल), साहित्य और शिक्षा 

पद्म भूषण 
1. पंकज आडवाणी (कर्नाटक), स्पोर्ट्स-बिलियर्ड्स 
2. फिलिपोस मार क्रिसोस्टम (केरल), अन्य 
3. महेंद्र सिंह धोनी (झारखंड), स्पोर्ट्स-क्रिकेट 
4. अलेक्जेंडर कदाकिन (मरणोपरांत- रूस), पब्लिक अफेयर्स 
5. रामचंद्रन नागास्वामी (तमिलनाडु), अन्य 
6. वेद प्रकाश नंदा (अमेरिका), साहित्य एवं शिक्षा 
7. लक्ष्मण पई (गोवा), कला, पेंटिंग 
8. अरविंद पारिखे (महाराष्ट्र), कला-संगीत 
9. शारदा सिन्हा (बिहार), कला-संगीत 

यहां देखें, इस साल पद्म पुरस्कार पाने वाली हस्तियों की लिस्ट 








 

Advertising