धीरेंद्र शास्त्री ने कहा- भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना है वरना पड़ोसी देशों जैसे होंगे हालात, उठाया ये बड़ा कदम
punjabkesari.in Saturday, Sep 13, 2025 - 01:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की अपनी मांग को लेकर एक बड़ी पदयात्रा का ऐलान किया है। यह यात्रा 7 से 15 नवंबर तक दिल्ली से वृंदावन तक चलेगी। उन्होंने कहा कि भारत में पड़ोसी देशों जैसी स्थिति न हो, इसलिए देश का हिंदू राष्ट्र होना बहुत जरूरी है।
यात्रा का उद्देश्य और रणनीति
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदू राष्ट्र की इस पदयात्रा के लिए वृंदावन में संतों और धर्मगुरुओं के साथ एक बैठक की थी। इस बैठक में उन्होंने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य देशवासियों के दिलों में हिंदू राष्ट्र की भावना जगाना है। यात्रा के दौरान गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने, यमुना नदी की सफाई का अभियान तेज करने और श्रीकृष्ण जन्मभूमि की प्रतिष्ठा स्थापित करने की मांग को भी उठाया जाएगा। यात्रा का कुल मार्ग लगभग 140 किलोमीटर का होगा।
ब्रजमंडल में मांस और शराब पर रोक की मांग
इस पदयात्रा के दौरान सनातन एकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ ब्रजमंडल (मथुरा, वृंदावन और आसपास का क्षेत्र) में मांस और शराब की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग भी की जाएगी। धीरेंद्र शास्त्री इस मुद्दे पर भी लोगों के बीच जागरूकता फैलाएंगे।
नेपाल और बांग्लादेश का दिया उदाहरण
हाल ही में काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने नेपाल और बांग्लादेश में हुए राजनीतिक बदलावों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि भारत को इन देशों की घटनाओं से सबक लेना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को घोषित रूप से एक हिंदू राष्ट्र बनाना बेहद जरूरी है।