धर्मेंद्र प्रधान बोले- अफवाहों से दूर रहें छात्र, तय समय पर होगी NEET-UG पुनः परीक्षा

punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 12:14 PM (IST)

नेशनल डेस्क: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट-यूजी पुनः परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को आयोजित एक उच्च-स्तरीय बैठक में उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया में शुचिता और दक्षता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

 परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी हर गतिविधि पर होगी कड़ी निगरानी
बैठक में शिक्षा मंत्रालय, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए), राज्य सरकारों और उच्च शिक्षा संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। मंत्रालय के अनुसार, यह बैठक ऑनलाइन और हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई, जिसमें कुल 222 अधिकारी शामिल हुए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने राज्य सरकारों के नोडल अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि परीक्षार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और परीक्षा केंद्रों पर तनावमुक्त माहौल बनाया जाए।

सोशल मीडिया और अफवाहों से दूर रहे छात्र 
इस बीच, एनटीए ने भी छात्रों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि नीट-यूजी पुनः परीक्षा तय कार्यक्रम के अनुसार रविवार को ही आयोजित होगी। एनटीए ने अभ्यर्थियों से कहा कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करें। मंत्रालय ने बताया कि परीक्षा की तैयारी, सुरक्षा प्रोटोकॉल, लॉजिस्टिक्स, शिकायत निवारण प्रणाली और दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मंत्रालय द्वारा नियुक्त अधिकारी सभी राज्यों में जाकर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का समन्वय करेंगे और नियंत्रण केंद्र को रिपोर्ट भेजेंगे। बैठक में उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार और एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा होगी
देशभर में 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) की पुनः परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को परीक्षा के दिन तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीएसआरटीसी) की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा होगी। तेलंगाना सरकार ने बृहस्पतिवार को यह निर्णय लिया है। राज्य के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा किए गए एक संदेश में कहा कि छात्र 21 जून को यात्रा के दौरान अपने नीट परीक्षा केंद्र का प्रवेश पत्र (हॉल टिकट) दिखा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। 

चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नीट-यूजी परीक्षा इस वर्ष तीन मई को आयोजित की गई थी, लेकिन प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 12 मई को इसे निरस्त कर दिया था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) वर्तमान में इस मामले की जांच कर रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News