डीजीपी की जवानों को सलाह: अपनी सेहत और सुरक्षा का ध्यान रखें

Tuesday, Oct 10, 2017 - 02:11 PM (IST)

श्रीनगर: जम्मू कश्मीर पुलिस के डीजीपी डा एस पी वेद ने जवानों को सलाह दी है कि वे डयूटी के दौरान अपनी सेहत और सुरक्षा का ध्यान रखें। डीजीपी ने कहा कि पुलिस स्टेशन और बटालियन के भीतर हो या बाहर डयूटी के दौरान जवानों को सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। मट्टन के  खेरीबल में आईआरपी 17 बटालियन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ज्यादात्तर पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं क्योंकि उन्होंने सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग नहीं किया।


उन्होंने जवानों से कहा कि वे व्यस्त जगहों पर कहीं भी जाएं तो अपने साथ सुरक्षा उपकरणों को लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर पुलिस के अच्छे कामों के कारण आज पूरा देश जवानों की तारीफ कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों से जवानों के फिटनेस शैडयूल को बनाने के लिए कहा जिसमें योगा, पीटी के साथ-साथ उनके खान-पान का भी ध्यान हो। साथ ही वेद ने जवानों से अच्छा और सेहतयुक्त भोजन करने को कहा। डीजीपी ने जवानों की समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों को उन्हें शीघ्र हल करने को कहा। उन्होंने खेरीबल में जिला पुलिस कार्यालय का उद्घाटन किया।

 

Advertising