प्रथम नवरात्र पर मंदिरों में भक्तों ने लगाई हाजिरी, गूंजे जयघोष

Saturday, Oct 17, 2020 - 05:55 PM (IST)

कठुआ : शारदीय नवरात्र के चलते देवी मंदिरों में भक्तों ने हाजिरी लगाकर अपनी आस्था का परिचय दिया। कोविड 19 महामारी के चलते सोशल डिस्टैंसिंग का पालन कर और मास्क का इस्तेमाल करते हुए भक्त देवी मंदिरों में हाजिरी के लिए पहुंचे थे। भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मंदिरों में घंटियों की गूंज और जयघोष से पूरा वातावरण ही भक्तिमय बन गया था। जसरोटा स्थित प्रसिद्ध काली माता मंदिर, नगरी स्थित सुकराला देवी मंदिर, शहर के बीचोबीच स्थित मां आशापूर्णी मंदिर सहित अन्य कई देवीय मंदिरों में भ्भक्तों ने हाजिरी लगाई।

 

जसरोटा स्थित मंदिर में झंडा चढ़ाने की विधि भी अपनाई गई। पूर्व एम.एल.सी. ठाकुर बलवीर सिंह सहित अन्य कमेटी सदस्यों ने इस धार्मिक प्रक्रिया में भाग लेकर देवी मां के जयघोष किए। उधर, हर वर्ष की भांति इस बार भी डोगरा फ्रंट द्वारा पवित्र छड़ी यात्रा को रवाना किया गया। इससे पहले मां अशापूर्णी मंदिर में जाकर भक्तों ने छड़ी यात्रा को विधिपूर्वक शुरू किया। जिसके बाद जयघोष करते हुए भक्त जम्मू के लिए रवाना हुए। आपको बता दें कि कोविड 19 महामारी के चलते गत मार्च माह से तमाम धार्मिक संस्थानों को बंद कर दिया गया था। कई अन्य पर्वों पर भी मंदिरों में सिवाय पूजा के लोगों को जाने की अनुमति नहीं थी। जबकि अब नवरात्र पर्व के चलते भक्तों को मंदिरों में हाजिरी लगाने के लिए अनुमति दी गई है। भक्त सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करने के साथ साथ मास्क का इस्तेमाल भी कर रहे हैं। 
 

Monika Jamwal

Advertising