'भव्य राम मंदिर में दर्शन के लिए राहुल गांधी को न्यौता दिया जाएगा', फडणवीस ने बताई इसके पीछे की वजह

Saturday, Jan 07, 2023 - 04:18 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में दर्शन के लिए न्यौता दिया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता का यह बयान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा राहुल पर हमला करने और एक जनवरी 2024 तक भव्य राम मंदिर बनकर तैयार होने का ऐलान करने के एक दिन बाद आया है।

शाह के बयान से जुड़े सवाल के जवाब में फडणवीस ने भोपाल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘राहुल गांधी को राम मंदिर में दर्शन के लिए बुलाया जाएगा।'' उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण तेजी से चल रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने वीरवार को त्रिपुरा के सबरूम में एक रैली में राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा था, ‘‘राहुल बाबा, सबरूम से सुनिये, एक जनवरी 2024 तक भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो जायेगा।''

फडणवीस यहां जल-संरक्षण पर राज्यों के मंत्रियों के प्रथम अखिल भारतीय वार्षिक सम्मेलन में भाग लेने आये हैं। उन्होंने जल-संरक्षण पर शिवराज सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा वाटर कंजर्वेशन के मामले में मध्य प्रदेश ने बहुत अच्छा काम किया है और हमें इससे काफी कुछ सीखने को मिला है। दोनों राज्यों के पानी विवाद पर फडणवीस ने कहा कि कोई विवाद नहीं है। हम अपने हिस्से का पानी ले रहे हैं। उन्होंने कहा जब मैं महाराष्ट्र का सीएम बना तो मैंने मध्य प्रदेश के सिंचाई क्षेत्र में किए गए काम को महाराष्ट्र में लागू किया था। 

rajesh kumar

Advertising